Today Breaking News

एमएलसी चुनाव में BJP के लिए चुनौती बनी सपा की जीत - Ghazipur News

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. विधानसभा चुनाव में सातों सीटों पर भाजपा को पटखनी देने के बाद अब सपा की नजर एमएलसी चुनाव पर है। जीत से उत्साहित सपा विधानसभा परिषद चुनाव में भी भाजपा की घेराबंदी में जुटी है। एक बार फिर सपा-भाजपा में सियासी जंग शुरू होगी। आज (मंगलवार) से होने वाले नामांकन के लिए सपा अपने पत्ते जल्द खोलेगी। वैसे हाईकमान की मौजूदगी में इसकी रणनीति तैयार की गई है। तीन नेताओं को इसके लिए अधिकृत किया गया है।

विधान परिषद सदस्य के चुनाव को लेकर सपा-भाजपा दोनों आमने सामने हैं। सपा हर हाल में विधान परिषद सदस्य भी अपना बनाना चाहती है। सपा के सभी सातों विधायकों की जीत के बाद पार्टी से एमएलसी चुनाव लड़ने वाले दावेदारों की भी लंबी फेहरिस्त है। इसको लेकर रविवार को लखनऊ में सपा मुखिया अखिलेश यादव के समक्ष जिले के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में रणनीति बनी।

सपा मुखिया ने मौखिक तौर पर जिले के तीन नेताओं को इसके लिए नामित किया है, जो पूरी रणनीति बनाएंगे। इसमें दो विधायक और एक सपा के नेता हैं। सपा हाईकमान इस बार दमदार प्रत्याशी उतारने के मूड़ में है।

जंगीपुर से सपा विधायक डा. वीरेंद्र यादव का कहना है कि जल्द ही इस बारे में फैसला होगा। सपा जिलाध्यक्ष रामधारी यादव का कहना है कि सपा हर हाल में अपना एमएलसी बनाएगी। चुनाव के लिए कई लोगों ने दावेदारी की है, जिनका साक्षात्कार सोमवार को पार्टी मुख्यालय पर हुआ। प्रत्याशी की घोषणा जल्द हो जाएगी।

उधर, सपा के पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह का कहना है कि विधानसभा चुनाव में पार्टी के सात विधायक चुने गए हैं। सपा के पक्ष में पूरा माहौल है। पार्टी पूरी दमदारी से एमएलसी का चुनाव लड़ेगी और जीत भी हासिल करेगी।

'