Today Breaking News

गाजीपुर की सात सीटों पर सपा की जीत, राज्यमंत्री संगीता बलवंत हारी - Ghazipur News

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले में वर्ष 2012 की तरह से ही 2022 के चुनाव में भी सपा की साइकिल तेज दौड़ गई है। सात सीटों पर सपा व सहयोगी दल की साइकिल भगवा को पछाड़कर बहुत आगे निकल गई है। जहूरादाबाद से सुभासपा के ओमप्रकाश राजभर और जखनियां से बेदी राम चुनाव जीत गए। वहीं सपा के ओमप्रकाश सिंह जमानियां, सुहेब अंसारी मुहम्मदाबाद, डा. वीरेंद्र यादव जंगीपुर, अंकित भारती सैदपुर से विजयी रहे। भाजपा की दो महिला विधायक अलका राय व सुनीता सिंह को हार का मुंह देखना पड़ा। वहीं सदर सीट पर राज्यमंत्री संगीता बलवंत भी चुनाव हार गईं।

जिले के इतिहास में पहली बार सपा-सुभासपा गठबंधन ने भगवा को पूरी तरह से सफाया करते हुए सातों सीटों पर जीत हासिल की है। राज्यमंत्री संगीता बलवंत, विधायक अलका राय, सुनीता सिंह को करारी हार का मुंह देखना पड़ा है। सुभासपा दो सीटों जहूराबाद व जखनियां में जीत हासिल की है, जबकि सपा पांच सीटों पर विजयी रही है। राज्यमंत्री व सदर सीट से भाजपा प्रत्याशी संगीता बलवंत ने आयोग को पत्र भेजकर मतों की गिनती में गड़बड़ी का आरोप लगाया है।

जिले में सबसे अधिक जीत जहूराबाद में सुभासपा ओमप्रकाश राजभर ने 45231 मतों से जीत हासिल की है। उन्हें 114151 और भाजपा के कालीचरन राजभर को 68920 मत मिले। जखनियां से सुभासपा के बेदी राम को 113378 वोट व भाजपा के रामराज बनवासी को 76513, मुहम्मदाबाद से सपा के सुहेब अंसारी को 110683 व भाजपा की अलका राय को 92028,जमानियां से सपा के ओमप्रकाश सिंह को 93 926 मत व सुनीता सिंह को 71781 मत, जंगीपुर से सपा के वीरेंद्र यादव को 102091 व भाजपा के रामनरेश कुशवाहा को 67534, सैदपुर से सपा के अंकित भारती को 108523 और निषाद-भाजपा के सुभाष पासी को 72731 वोट मिले। सदर सीट पर राज्यमंत्री संगीता बलवंत और सपा के जैकिशन साहू के बीच कांटे के मुकाबला रहा। कई बार दोनों के एक दूसरे से आगे निकले। देर रात्रि वोटों का दोबारा मिलान के बाद सपा जैकिशन साहू को विजयी घोषित किया गया। जैकिशन साहू को 92472 व भाजपा की संगीता बलवंत को 90780 वोट मिले।

जहूराबाद

विजेता- सुभासपा, ओमप्रकाश राजभर, कुल मिले वोट - 114151

उप विजेता - भाजपा, कालीचरन राजभर, कुल मिले वोट- 68920

जीत का अंतर 45231 वोट।

कुल पड़े वोट- 245965

जखनियां

विजेता- सुभासपा-सपा- बेदी राम, कुल मिले वोट - 113378

उप विजेता- भाजपा, रामराज वनवासी, कुल मिले वोट- 76513

जीत का अंतर -36865 वोट।

कुल पड़े वोट- 255401

मुहम्मदाबाद

विजेता- सपा- सुहेब अंसारी, कुल मिले वोट - 110683

उप विजेता- भाजपा, अलका राय, कुल मिले वोट- 92028

जीत का अंतर - 18655 वोट।

कुल पड़े वोट- 244619

जंगीपुर

विजेता- सपा, वीरेंद्र यादव कुल मिले वोट - 102091

उप विजेता- भाजपा, रामनरेश कुशवाहा, कुल मिले वोट- 67534

जीत का अंतर -34557 वोट।

कुल पड़े वोट- 228533

सैदपुर

विजेता- सपा- अंकित भारती, कुल मिले वोट - 108523

उप विजेता- निषाद-भाजपा, सुभाष पासी , कुल मिले वोट- 72731

जीत का अंतर - 35792 वोट।

कुल पड़े वोट- 234820

जमानियां

विजेता- सपा, ओमप्रकाश सिंह, कुल मिले वोट - 93926

उप विजेता- भाजपा, सुनीता सिंह, कुल मिले वोट- 71781

जीत का अंतर -22145 वोट।

कुल पड़े वोट- 231822

सदर

विजेता- सपा, जैकिशन साहू, कुल मिले वोट - 92472

उप विजेता- भाजपा, संगीता बलवंत, कुल मिले वोट- 90780

जीत का अंतर -1692 वोट।

सदर सीट : यहां भाजपा की राज्यमंत्री संगीता बलवंत और सपा के जैकिशन साहू के बीच कड़ मुकाबला रहा। शुरू के कई राउंड में लीड का अंतर सैकड़ों में ही रहा। कांटे की टक्कर में अंतत: भाजपा की संगीता बलवंत आगे चल रही हैं। पिछली बार संगीता बलवंत ने 32607 मतों से जीत हासिल की थी।

जहूराबाद से ओमप्रकाश राजभर दूसरी बार जीते

सपा गठबंधन के सबसे अहम सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष व विधायक ओमप्रकाश राजभर के यहां से चुनाव लड़ने के कारण सभी की निगाहें थीं। इस सीट पर भाजपा ने दो बार के विधायक रहे कालीचरन राजभर और बसपा ने पूर्व मंत्री शादाब फातिमा को उतारा था। दोनों दिग्गजों की लड़ाई में ओमप्रकाश राजभर ने भारी मतों से बाजी मार ली है। पिछले 2017 के चुनाव में ओमप्रकाश राजभर भाजपा गठबंधन से चुनाव जीते थे। इस बार वह सपा गठबंधन के साथ चुनाव मैदान में उतरे थे।

जखनियां से सुभासपा के बेदी राम विजयी

जखनियां (सुरक्षित) से सुभासपा-सपा गठबंधन के बेदी राम ने भाजपा प्रत्याशी रामराज बनवासी को हरा दिया। बेदी राम मूल रूप से जौनपुर जनपद के केराकत से उसियां गांव निवासी हैं। पिछले चुनाव 2017 में भी यह सीट सुभासपा के खाते में थी। यहां से सुभासपा के त्रिवेणी राम विधायक चुने गए थे। बसपा प्रत्याशी पूर्व विधायक विजय कुमार तीसरे नंबर पर रहे।

सैदपुर से अंकित भारती ने मारी बाजी

सैदपुर (सुरक्षित) से सपा के सबसे युवा प्रत्याशी अंकित भारती ने दो बार से विधायक रहे व निषाद पार्टी -भाजपा गठबंधन प्रत्याशी सुभाष पासी को पटखनी दे दी। इससे पहले अंकित भारती करंडा द्वितीय से जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित भी हैं। सुभाष पासी दो बार सपा से विधायक रहे,लेकिन चुनाव से पहले वह भाजपा में शामिल हो गए थे। इस बार उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा।

जंगीपुर से वीरेंद्र यादव दूसरे बार जीते

जंगीपुर सीट पर सपा प्रत्याशी वीरेंद्र यादव दूसरी बार जीत हासिल कर सीट पर अपनी परिवार की विरासत को कायम रखा है। 2012 के परिसीमन में सीट सृजित होने के बाद उनके पिता कैलाश यादव ने जीत हासिल की थी। उनके निधन के बाद हुए उपचुनाव में उनकी पत्नी किस्मतिया देवी निर्वाचित हुईं। 2017 के भगवा लहर में भी सपा के वीरेंद्र यादव जीत हासिल करने में सफल रहे।

जमानियां से ओमप्रकाश सिंह विजयी

जमानियां से सपा प्रत्याशी व कद्दावर नेता ओमप्रकाश सिंह ने भाजपा विधायक सुनीता सिंह को हराकर पिछले हार का बदला चुकता कर लिया है। सीट पर बसपा और कांग्रेस से मुस्लिम प्रत्याशी होने के बावजूद सपा प्रत्याशी ओमप्रकाश सिंह जीत हासिल करने में कामयाब रहे।

मुहम्मदाबाद से सुहेब अंसारी जीते

प्रदेश की हाट सीटों में शुमार मुहम्मदाबाद सीट से सपा प्रत्याशी सुहेब अंसारी ने भाजपा विधायक अलका राय को करारी शिकस्त दी है। सुहेब अंसारी पूर्व विधायक सिबगतुल्लाह अंसारी के बेटे और मुख्तार अंसारी के भतीजे हैं। वह पहली बार चुनाव जीते हैं। इस सीट पर पूरे प्रदेश की नजर टिकी हुई थी।

'