Today Breaking News

कंधे पर बंदूक और गोद में मां...इसीलिए खाकी पर इतना गुमाँ, लोगों का दिल जीत रहा यूपी पुलिस का यह चेहरा

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. यूपी पुलिस का मानवीय चेहरा एक बार फिर देखने को मिला जब विधानसभा चुनाव के छठे चरण का मतदान हो रहा था। ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस जवान बुजुर्ग महिला को गोद में लेकर मतदान केंद्र तक ले जाते हुए कैमरे में रिकार्ड हो गया। वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। यूपी पुलिस ने दिल को छू लेने वाले इस वीडियो को अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर शेयर भी किया है। 

दरअसल, गोरखपुर स्थित एक बूथ पर 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला को उसके स्वजन मतदान कराने ले आए थे। महिला चलने में असमर्थ थी। स्वजन भी उसे बूथ तक ले जाने में थक गए थे। बूथ पर चुनाव ड्यूटी में लगे लखनऊ पुलिस लाइन के सिपाही पवन कुमार से महिला की स्थिति देखी नहीं गई। उन्हें लगा जैसे बूथ पर उनकी अपनी मां मतदान करने आई हैं और स्वजन तकलीफ झेल रहे हैं। पवन आगे बढ़कर बुजुर्ग महिला को गोद में उठा लिए और उन्हें मतदान कराने लेकर गए। मतदान कराने के बाद महिला को बाहर तक छोड़ा भी।

यह वाकया कैमरे में कैद हो गया और तेजी से वायरल होने लगा। वीडियो क्लिप महज 14 सेकंड की है, लेकिन इसमें सिपाही पवन कुमार जो कुछ भी करते नजर आ रहे हैं, वह लोगों के सीधे दिल को छू गया है। वीडियो में आप देख सकते हैं कि चलने फिरने में अक्षम एक बुजुर्ग महिला को पवन कुमार अपनी गोद में लेकर पोलिंग बूथ से निकल रहे हैं। पवन कुमार के जज्बे की हर तरफ तारीफ हो रही है।

कंधे पर बंदूक़ और गोद में माँ है इसीलिए ख़ाकी पर इतना गुमाँ है जनपद गोरखपुर में आरक्षी पवन कुमार ने थाना बढ़हलगंज क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला की मतदान स्थल पर सहायता कर लोकतंत्र के सच्चे प्रहरी की भूमिका निभायी है। 

बुजुर्ग महिला को गोद में लेकर बूथ पर ले जाते हुए पवन के वीडियो को यूपी पुलिस ने अपने आफिशियल ट्विटर हैंडल से शेयर किया है। यूपी पुलिस ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा है, 'कंधे पर बंदूक और गोद में मां है, इसीलिए खाकी पर इतना गुमां है। जनपद गोरखपुर में आरक्षी पवन कुमार ने थाना बढ़हलगंज क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला की मतदान स्थल पर सहायता कर लोकतंत्र के सच्चे प्रहरी की भूमिका निभाई है।' इसके साथ ही हैशटैग #UPPCares लगाकर लिखा है, आप पर गर्व है पवन! यूपी पुलिस के इस ट्वीट के बाद पवन अपनों के बीच हीरो बन गए हैं।

'