Today Breaking News

योगी आदित्‍यनाथ के शपथ ग्रहण पर गोरखपुर में एक साथ मनेगी दिवाली और ईद

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. गोरखपुर समेत उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण की तैयारियां जोरों पर है। 25 मार्च को योगी की दूसरी पारी को ऐतिहासिक और स्मरणीय बनाने के लिए तैयारियों के क्रम में दिवाली एवं ईद साथ मनाई जाएगी।

25 मार्च को जिस वक्त योगी आदित्यनाथ प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले रहे होंगे। उस वक्त गोरक्षनगरी में भाजपा महानगर और भाजपा गोरखपुर जिला कार्यकारिणी की अगुवाई में होली के तत्काल बाद दिवाली और ईद मनाई जाएगी। हिंदू से लेकर मुस्लिम घरों को रंग-बिरंगी लाइट और झालरों से सजाने के साथ कार्यकर्ता और नागरिक अपने अपने घरों में दीया जला अपनी खुशियों का इजहार करेंगे। क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि गोरखपुर क्षेत्र के 4234 शक्ति केंद्रों पर लोक कल्याण के लिए पूजन कर मिष्ठान का वितरण किया जाएगा। पटाखे फोड़ और ढोल नगाड़े के साथ भाजपा कार्यकर्ता खुशी का इजहार करेंगे। हर ब्लाक, नगर पंचायत और नगर निगम के सभी वार्डो में एलईडी की सुविधा मुहैया कराई जा रही है, ताकि समर्थक अपने मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह देख सकें।

हर घर से जलेगा दीया 

पूरे शहर को एक साथ भगवामय करने की भी तैयारियां हैं। भाजपा आह्वान कर रही है कि 25 मार्च की शाम हर घर के बाहर दीपक जरूर जलाया जाए। कोई संख्या निर्धारित नहीं है, अपनी स्वेच्छानुसार दीपक जला सकते हैं। कुछ लोग घरों को झालरों से भी सजा रहे हैं।

शपथ ग्रहण का होगा लाइव टेलीकास्ट 

मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह का भाजपा लाइव टेलीकास्ट दिखाएगी। महानगर भाजपा सभी 70 वार्डो में एलईडी टीवी पर नागरिकों को लाइव प्रसारण दिखाएगी। ऐसे ही इंतजाम, ग्रामीण क्षेत्रों और कस्बो में भी किए जा रहे हैं। जिलाध्यक्ष युद्धिष्ठिर सिंह ने बताया कि सुबह से ही भाजपा सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता अपने- अपने क्षेत्र के मंदिरों में भजन- कीर्तन शुरू कराएंगे। पूरे शहर में एक साथ शंख की गुंज सुनाई देगी। अब तक शहर के 430 मंदिरों में शपथ ग्रहण के दिन पूजन अर्चन और दीप प्रज्ज्वलन के इंतजाम किए जा चुके हैं। शक्ति केन्द्र पर भाजपा के 5 कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है। वहां शंख बजाने के लिए लोग नियुक्त हैं जो शपथ ग्रहण के तय समय पर ही शंख बजाएंगे।

शहर के कलाकार मनाएंगे दीपावली

योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण समारोह के दिन गोरखपुर कलाकार संघ के बैनर तले सामूहिक रूप से 17 स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। गोरखपुर कलाकार संघ के संयोजक मंडल के हरि प्रसाद सिंह एवं प्रेमनाथ ने बताया कि संघ 17 स्थानों, मन्दिरों, पोखरों पर समूह से जुड़े कला साधकों के माध्यम से दीपोत्सव मनाया जाएगा।

'