Today Breaking News

MLC Chunav: गाजीपुर में भोलानाथ ने लिया पर्चा वापस, सपा ने मदन को प्रत्याशी बनाने का किया ऐलान

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. विधान परिषद सदस्य के चुनाव में बुधवार को गाजीपुर में सपा के प्रत्याशी भोलनाथ शुक्ला समेत दो उम्मीदवारों ने नामांकन वापस ले लिया। अब भाजपा प्रत्याशी विशाल सिंह चंचल और अधियारां के प्रधान मदन यादव आमने-सामने हैं। पार्टी के प्रत्याशी के चुनाव मैदान से बाहर होने पर समाजवादी पार्टी ने मदन यादव को ही उम्मीदवार घोषित कर दिया है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एके सिंह ने बताया कि सपा प्रत्याशी भोलानाथ शुक्ला एवं निर्दल प्रत्याशी देवेंद्र ने नामांकन वापस ले लिया है। अब दो प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें भाजपा के विशाल सिंह चंचल एवं निर्दल मदन सिंह शामिल हैं। बृहस्पतिवार को निर्धारित समय तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।

भोलानाथ शुक्ला के मैदान से हटने के बाद समाजवादी पार्टी की जिला इकाई ने मदन यादव को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने बताया कि मदन यादव ने सपा नेतृत्व से पूछकर नामांकन किया था। अब वे पार्टी की ओर से एमएलसी चुनाव लड़ेंगे।

भोलानाथ पर दबाव डालकर पर्चा वापस कराया गया

पार्टी के विधायक, जिलाध्यक्ष और पदाधिकारियों ने प्रेस कांफ्रेंस में साफ किया कि उनकी पार्टी एमएलसी चुनाव लड़ेगी। विधायक ओम प्रकाश ने कहा कि सत्ता के इशारे पर पार्टी प्रत्याशी भोलानाथ शुक्ला पर दबाव डालकर पर्चा वापस कराया गया है। मदन यादव चट्टान की तरह सपा के झंडे के साथ मैदान में हैं।

चुनाव आयोग को भेजा जा चुका है पत्र

अब मदन यादव को भी तबाह करने की साजिश रची जा रही है, जिसे कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। चुनाव आयोग को पत्र भेजा जा चुका है। बृहस्पतिवार को 11 बजे समाजवादी पार्टी का दल जिलाधिकारी और एसपी से इस संबंध में बातचीत करेगा ताकि निष्पक्ष तरीके से चुनाव कराया जा सके। 

'