Today Breaking News

होलिका दहन शोभायात्रा में बोले योगी आदित्यनाथ, चुनाव में मिली जीत सुशासन पर जनता की मुहर

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में मिली जीत महज राजनीतिक परिणाम नहीं है। यह सत्य की जीत का उदाहरण भी है। सुरक्षा, सुशासन, विकास और जनकल्याण के प्रति पांच वर्ष तक पूरी प्रतिबद्धता और ईमानदारी से किए गए कार्यों के फलस्वरूप भाजपा को मिली प्रचंड जीत सरकार के प्रयास पर जनता की मुहर है। इसीलिए जनता ने होली का इंतजार किए बिना 10 मार्च से ही होली खेलनी शुरू कर दी है।

यूपी विधानसभा चुनाव में भाजपा को दो तिहाई बहुमत से मिली जीत के बाद पहली बार गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार की शाम पांडेयहाता में होलिका दहन उत्सव समिति की ओर आयोजित होलिका दहन शोभायात्रा कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भक्त प्रहलाद की आरती उतारकर शोभायात्रा को रवाना किया और पुष्पों से होली खेली।

प्रचंड बहुमत से दोबारा सरकार बनाने का मौका देने लिए प्रदेशवासियों के प्रति आभार जताते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आठ वर्ष पहले सुरक्षा, विकास और सुशासन की नींव रखी, जो अब जन विश्वास का प्रतीक बन गई है। समाज के हर वर्ग को योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए भेदभाव मुक्त कार्य हुए, उनका सुखद परिणाम चुनाव में देखने को मिला है। विपक्ष की ओर से तमाम भ्रामक प्रचार किए गए, लेकिन प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जनता का विश्वास दृढ़ता से कायम रहा। विपक्ष की कारगुजारी धरी रह गई।

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश विकास पथ पर तेजी के साथ आगे बढ़ा है। अब हमारा लक्ष्य प्रदेश को देश की नंबर एक अर्थव्यवस्था बनाने के साथ ही अग्रणी राज्य बनाना भी है। इसके लिए जीवन के हर क्षेत्र में कड़ी और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित करनी होगी। होली के पर्व की प्रासंगिकता भी यही होगी कि हम सभी इस स्वस्थ प्रतिस्पर्धा में अपना योगदान देने के लिए संकल्पित हों। भाजपा सरकार गरीब कल्याण की योजनाओं के प्रति संवेदनशील रही है और आगे भी रहेगी।

अच्छे कार्य का अवसर मिले तो मत चूकिए मत : मुख्यमंत्री ने कहा कि हर युग में भगवान का अवतरण हुआ है। होली का पर्व भगवान नृसिंह के अवतरण की कथा को बताता है। शिक्षा देता है कि अन्यायी, अत्याचारी, दुराचारी कितना भी बड़ा हो, उसके आगे झुकने की जरूरत नहीं है। हमें हमेशा उमंग के साथ लोक कल्याण की भावना का हिस्सा बनकर आगे बढ़ना है। ऐसे में छोटे से छोटे अच्छे कार्य का भी अवसर मिले तो चूकिए मत। यदि कोई कार्य बुरा है तो उसमें आगे मत आइए।

गोरखपुर की जनता ने रच दिया इतिहास : मुख्यमंत्री ने विधानसभा चुनाव परिणाम को लेकर जताते हुए कहा कि गोरखपुर की जनता ने इतिहास रच दिया है। आजादी के बाद पहली बार भाजपा को जिले की सभी सीटों पर जीत मिली है। मंडल की 28 में से 27 सीटें भाजपा की झोली में आई हैं।

शालीनता से मनाएं रंगोत्सव : मुख्यमंत्री ने होली की बधाई हुए कहा कि रंग, उमंग, उल्लास का यह पर्व शालीनता से मनाएं। जोश में होश ना खोएं, ताकि किसी भी प्रकार का संकट ना उत्पन्न हो। होली पर हर व्यक्ति की भावनाओं का ध्यान रखें। कोई व्यक्ति स्वास्थ्य या पारिवारिक कारणों से रंग न खेलना चाहता हो तो उस पर रंग ना डालें। गंदगी न फेंके और न ही किसी की आंखों को नुकसान पहुंचाएं। होली का पर्व उस सनातन संस्कृति का हिस्सा है, जिसने दुनिया को वसुधैव कुटुंबकम और सर्वे भवन्तु सुखिन: का मंत्र दिया है।

'