Today Breaking News

योगी आदित्यनाथ उतारेंगे भक्त प्रहलाद की आरती, आज रात 12.57 बजे के बाद जलेगी होलिका

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. गोरखपुर में होलिका दहन गुरुवार को परंपरागत रूप से आस्था व श्रद्धा के साथ किया जाएगा। दहन से पूर्व होलिका दहन उत्सव समिति के तत्वावधान में पांडेयहाता से सायं 4.30 बजे होलिका व भक्त प्रहलाद की शोभायात्रा धूमधाम से निकाली जाएगी। मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भक्त प्रहलाद की आरती कर शोभायात्रा का शुभारंभ करेंगे। अबीर-गुलाल उड़ेंगे। उत्सव व उल्लास का माहौल होगा। इसे लेकर प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों ने पांडेयहाता में होलिका दहन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

रात 12.57 बजे के बाद जलेगी होलिका

होलिका दहन उत्सव समिति के संगठन मंत्री आशीष गुप्ता ने बताया कि तैयारी पूरी हो चुकी है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर समिति के सदस्य उत्साहित हैं। विशिष्ट अतिथि ग्रामीण विधायक विपिन सिंह व भजन गायक नंदू मिश्रा होंगे। भजनों की गूंज व रंगोत्सव के बीच शोभायात्रा पांडेयहाता से शुरू होगी, जो घंटाघर मदरसा चौक, लालडिग्गी, मिर्जापुर, घासीकटरा, जाफरा बाजार, ईदगाह रोड, चरनलाल चौक, आर्यनगर, बक्शीपुर, नखास चौक, रेती चौक, घंटाघर, नार्मल चौक होते हुए पांडेयहाता चौक पहुंचकर समाप्त होगी। रात 12.57 बजे के बाद होलिका जलाई जाएगी।

गुलहरिया बाजार की नरसिंह यात्रा में शामिल हो सकते हैं योगी आदित्यनाथ

होलिका दहन के दिन गुलहरिया बाजार में निकलने वाली भगवान नरसिंह की शोभायात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। बुधवार की देर शाम कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर प्रशासन के अधिकारियों ने आयोजक मंडल के सदस्यों से विचार-विमर्श किया। हिंदू युवा वाहिनी के ब्लाक अध्यक्ष कपिल पति त्रिपाठी ने बताया कि विगत 20 वर्षों से यह यात्रा निकाली जाती है।

गुरुवार को धूमधाम से निकाली जाएगी। इस यात्रा की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ही की थी। इस वर्ष उनके शामिल होने की सूचना मिलते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। प्रशासनिक अधिकारियों से विचार- विमर्श के दौरान हिंदू युवा वाहिनी के महामंत्री सुधीर सिंह, अभिषेक मद्धेशिया, दीपक गुप्ता, श्रीप्रकाश वर्मा, संदीप आदि लोग उपस्थित थे।

'