Today Breaking News

योगी 1 लाख वोटों से जीते गोरखपुर, भाजपा को सांप और खुद को नेवला कहने वाले स्वामी प्रसाद हारे

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. उत्तर प्रदेश ने एक बार फिर मोदी-योगी के डबल इंजन से ही चलने का फैसला कर लिया है। रुझानों में भाजपा 260 प्लस सीटें हासिल करती दिख रही है। हालांकि, रुझान यह भी बता रहे हैं कि योगी पिछली बार वाली परफॉर्मेंस नहीं दोहरा पाए हैं। पिछली बार 312 सीटें भाजपा के खाते में गई थीं।

भाजपा को 60 सीटों का नुकसान हो रहा है और इसका फायदा अखिलेश उठा रहे हैं। सपा को 80 सीटों का फायदा हो रहा है और इसीलिए वह अभी भी पॉजिटिव सोच बनाए हुए है। सपा ने ट्वीट किया कि 100 सीटों पर वोटों का अंतर 500 वोटों का है इसलिए कार्यकर्ता और नेता अलर्ट रहें।

सबसे बुरा हाल बसपा और कांग्रेस का है। ये दोनों पार्टियां अभी तक उतनी सीटें भी नहीं जीत पाई हैं, जितने फेज में चुनाव हुए यानी 7 से भी कम। कांग्रेस तो सोनिया गांधी के गढ़ रायबरेली में ही तीसरे नंबर पर है। यहां भाजपा की अदिति आगे चल रही हैं।

गोरखपुर में योगी और करहल में अखिलेश आगे चल रहे हैं। चुनाव से पहले अखिलेश का हाथ थामने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य फाजिल नगर में हार गए। TET पेपर लीक में घिरे योगी के मंत्री सतीश द्विवेदी सिद्धार्थनगर भी इटवा सीट नहीं जीत पाए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह लल्लू को कुशीनगर में हार मिली।

बांदा के तिंदवारी से भाजपा के रामकेश निषाद, पीलीभीत के बरखेड़ा से भाजपा के जयद्रथ और पीलीभीत से बीजेपी के संजय सिंह गंगवार जीते। बुलंदशहर के डिबाई से बीजेपी के चंद्रपाल सिंह और बांदा से बीजेपी के प्रकाश द्विवेदी भी जीत गए हैं।

CM योगी शाम 5 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसके बाद वे दिल्ली जाएंगे, जहां पर्लियामेंट्री बोर्ड की बैठक में शामिल होंगे।

भाजपा छोड़कर सपा में शामिल हुए स्वामी प्रसाद मौर्य फाजिल नगर में 26 हजार वोटों से पीछे हैं। वहां भाजपा के सुरेंद्र कुशवाहा आगे चल रहे हैं।

यूपी की सबसे हॉट सीट कैराना पर जेल से चुनाव लड़ रहे सपा के नाहिद हसन पीछे चल रहे हैं और भाजपा की मृगांका सिंह आगे चल रही हैं।

अखिलेश यादव ने शेर ट्वीट किया- इम्तिहान बाकी है हौसलों का, वक्त आ गया है फैसलों का। उन्होंने लिखा कि लोकतंत्र के सिपाही जीत का प्रमाणपत्र लेकर ही लौटें।

जसवंत नगर से शिवपाल यादव, गाजीपुर के जहूराबाद से ओम प्रकाश राजभर आगे चल रहे हैं। नोएडा से राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह, कुंडा से राजा भैया आगे चल रहे हैं।

अयोध्या से भाजपा प्रत्याशी वेद प्रकाश और मथुरा सीट से श्रीकांत शर्मा आगे चल रहे हैं। रामपुर में आजम खान और स्वार सीट से उनके बेटे अब्दुल्ला आगे चल रहे हैं।

लखनऊ के सरोजिनी नगर से भाजपा कैंडिडेट राजेश्वर सिंह ने बड़ी जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि यूपी में भाजपा की सरकार बनेगी और वो एक लाख वोटों से जीतेंगे। वे सपा कैंडिडेट से आगे चल रहे हैं।


'