Today Breaking News

CM योगी संग मारीशस के PM की बैठक में हुआ तय, भारत और मारीशस के बीच बढ़ेगी व्यापारिक व पर्यटन गतिविधियां

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. मारीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्‍नाथ संग शुक्रवार की सुबह वाराणसी में ताज होटल के दरबार हाल में बैठक हुई। मारीशस के पीएम की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी आदित्‍यनाथ के साथ हुई बैठक का साक्षी होटल ताज गैंगेज का दरबार हाल बना। जहां मारीशस के पीएम और यूपी के सीएम के बीच मंथन में संस्कृति, कला के आदान प्रदान से दोनों देशों के बीच संबंधों की डोर मजबूत करने के लिए आपसी सहमति बनी।

मारीशस के प्रधानमंत्री प्रविन्द जगन्नाथ और उत्‍तर प्रदेश की राज्यपाल आनन्दीबेन पटेल तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच शुक्रवार को लगभग एक घण्टे तक अलग- अलग मीटिंग हुई। होटल ताज गंगेज, नदेसर के दरबार हाल में हुई इस बैठक में दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक गतिविधियां बढाने पर खासा बल दिया गया। सनातन धर्म से जुड़े इन दोनों देशो में व्यापारिक गतिविधियों पर बल रहा। बैठक के दौरान मारीशस के पीएम ने दोनों देश की कला, संस्कृति को एक जैसा बताया।

लगभग 22 लाख की आबादी वाले मारीशस में सर्वाधिक लोगों का मूल भारत के यूपी और बिहार से जुड़ा है। इसलिए सभ्यता, संस्कृति सब कुछ एक जैसी है। भाषा, रहन- सहन, भोजन तक एक समान है। भारत से लोगों का लंबे समय से लगाव है। मारीशस के पीएम ने कहा कि यह रिश्ता कला, संस्कृति के आदान- प्रदान से और मजबूत हो सकती है। मारीशस के पीएम ने योगी को अपने यहां आमंत्रित भी किया। मुख्यमंत्री ने श्रीकाशी बाबा विश्वनाथ धाम का मॉडल, भारत और मारीशस का झण्डा बना हुआ अंगवस्त्रम भेंट किया।

राज्यपाल बैठक के बाद रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर के लिए प्रस्थान कीं तो वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान किए। मारीशस के प्रधानमंत्री और उनकी पत्नी कोविता जगन्नाथ होटल से एयरपोर्ट के लिए सुबह सवा 11 बजे एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान किए। पीएम मारीशस को मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट पर विदाई दी।

'