Today Breaking News

मैं नहीं चाहता था पिंकी मां बने....पति ने सुनाई मर्डर की दास्तां

गाजीपुर न्यूज़ टीम, यूपी के शाहजहांपुर जिले के सेहरामऊ दक्षिणी के चौहनापुर गांव में मंगलवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना हो गई थी। दिल्ली से गांव आए प्रापर्टी डीलर हरिकांत त्रिपाठी ने अपनी पत्नी पिंकी की सिलबट्टा मार हत्या कर दी थी। पुलिस व परिजनों को गुमराह करने के लिए घर में लूट की सूचना दी थी, जिससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था। एसपी एस आनंद व एसपी सिटी संजय कुमार ने खुद मौके पर पहुंच क्राइम सीन तैयार कर अपनी पड़ताल की।

थाना प्रभारी राजेंद्र बहादुर ने पुलिस टीम के साथ हत्यारोपी हरिकांत त्रिपाठी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त सिलबट्टा बरामद किया। बुधवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया। पूछताछ में हरिकांत त्रिपाठी ने बताया कि उसकी पहली पत्नी की वर्ष 2003 में मौत हो गई थी। उससे दो बच्चे हैं। इसके बाद पिंकी से शादी कर ली थी। हरिकांत त्रिपाठी ने बताया कि मैं नहीं चाहता था कि पिंकी मां बने और प्रापर्टी का बंटवारा हो। इसी कारण पत्नी पिंकी की हत्या कर दी। 

हत्या के साथ धोखधड़ी की धारा भी लगी

पिंकी हत्याकांड में हरियाणा के फरीदाबाद के थाना पल्ला के धीरजनगर की रहने वाली मृतका की बहन विनीता पांडेय ने शाहजहांपुर जिले के सेहरामऊ दक्षिणी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। हत्या के साथ धोखाधड़ी की धारा भी लगी है। विनीता पांडेय ने जीजा हरिकांत त्रिपाठी उर्फ कमल त्रिपाठी व उसके पुत्र राहुल त्रिपाठी व रोहित त्रिपाठी को नामजद कराया है। अब एक टीम दिल्ली जाकर उसके दोनों बेटों को गिरफ्तार करेगी।  

पिंकी हत्याकांड की दिनभर हुई चर्चा

संपत्ति का बंटवारा न हो इसके लिए हरिकांत बच्चा नहीं चाहता था। उसने तीन बार पिंकी का गर्भपात कराया था। ऐसा मृ़तका पिंकी की मां का आरोप है। बताया कि पिंकी बच्चा चाहती थी। इसलिए उसके पति ने उसे मार दिया। जिस किसी ने इस दर्दनाक घटना को पढ़ा व सुना उसका दिल दहल गया। दिनभर इस घटना की चर्चा होती रही।

'