Today Breaking News

Ghazipur News: सपा के MLC प्रत्याशी की बेटी रिनू यादव पर गबन का आरोप सिद्ध, FIR दर्ज

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. विधान परिषद सदस्य के चुनाव से ठीक एक दिन पहले सपा प्रत्याशी मदन यादव पर प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। अधियारां गांव की तत्कालीन प्रधान व सपा के एमएलसी प्रत्याशी मदन यादव की बेटी रिनू यादव एवं तत्कालीन सचिव रामजन्म सिंह की मिलीभगत से दो लाख 26 हजार 623 रुपये का गबन जांच में साबित हुआ है। 

जांच में आराेप सिद्ध हाेने के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर तत्कालीन प्रधान रिनू यादव व जमानियां के सहायक विकास अधिकारी पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। वहीं दोनों आरोपितों से रिकवरी का आदेश भी जारी किया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से संबंधितों में खलबली मची हुई है।

रिनू यादव वर्ष 2016 में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सच्चिदानंद को पराजित कर अधियारां गांव की प्रधान बनीं थी। उनके द्वारा गांव में कराए गए विकास कार्यों को लेकर गांव के ही जयप्रकाश ने 16 अगस्त 2019 में तत्कालीन जिलाधिकारी से शिकायत की थी। जयप्रकाश ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की थी। तबसे यह मामला ठंडे बस्ते में पड़ गया। एमएलसी के चुनाव में मदन यादव ने निर्दल पर्चा भरा और बाद में सपा के अधिकृत प्रत्याशी घोषित किए गए। इसके बाद मामला तूल पकड़ा और जिलाधिकारी के निर्देश पर बेटी के कार्यकाल के दौरान आई शिकायत की दोबारा से जांच शुरू की गई।

बीते तीन मार्च को जांच के लिए टीम गठित की गई। टीम ने गांव जाकर दो दिनों तक गहनता से जांच की। इसमें दो लाख 26 हजार 623 रुपये दुरुपयोग होना पाया गया। जांच में गबन सिद्ध होने पर बुधवार की देर शाम तत्कालीन प्रधान रिनू यादव और सचिव रामजन्म सिंह के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मालूम हो कि वर्ष 2021 में हुए पंचायत चुनाव में रिनू यादव के पिता मदन यादव प्रधान निर्वाचित हुए। इसके बाद उन्हें प्रधानसंघ का जिलाध्यक्ष चुना गया।

शिकायत के बाद हुई जांच में धनराशि के दुरूपयोग का मामला सामने आया

शिकायत के बाद हुई जांच में धनराशि के दुरूपयोग का मामला सामने आया। जिसपर तत्कालीन प्रधान रिनू यादव व सचिव रामजन्म सिंह के खिलाफ सुहवल थाने में मुकदमा पंजीकृत कराया गया है।- जयप्रकाश पांडेय, सहायक विकास अधिकारी पंचायत-जमानियां।

'