Today Breaking News

भाजपा सरकार को अपने कुकृत्यों के लिए जरा भी लोकलाज नहीं - सपा प्रमुख अखिलेश यादव

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि विधान परिषद स्थानीय प्राधिकारी चुनाव में निष्पक्ष मतदान के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त को विशेष प्रबन्ध करने चाहिए। भाजपा सरकार इस चुनाव में भी धांधली से बाज नहीं आने वाली है और वह विधान परिषद में जबरन बहुमत बनाने की साजिश कर रही है।

अखिलेश यादव ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि जिस तरह से भाजपा नेता विधान परिषद की सभी सीटें जीत लेने का बयान दे रहे हैं उससे सरकार की मंशा पर प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है। भाजपा ने पंचायत चुनावों में जिस तानाशाही से  विपक्ष के नामांकन पत्रों की लूट की उससे यह बात स्पष्ट हो गई कि भाजपा का लोकतंत्र और स्वतंत्र-निष्पक्ष निर्वाचन में तनिक भी विश्वास नहीं है।  विधान परिषद चुनावों में भी भाजपा सरकार के दबाव में निर्विरोध चुनाव का नाटक किया गया है।  

यह बात तो अब दिन के उजाले की तरह स्पष्ट हो गई है कि भाजपा सरकार को निर्वाचित संस्थाओं में अपना बहुमत बनाने के लिए प्रशासन का दुरुपयोग करने में जरा भी संकोच नहीं है। अधिकारियों के माध्यम से ग्राम प्रधानों, बीडीसी तथा अन्य मतदाताओं को डरा-धमका कर तथा प्रलोभन देकर भाजपा सरकार अब विपक्ष मुक्त और अपना एकाधिकारी शासन उत्तर प्रदेश पर लादना चाहती है। लोकतंत्र के लिए भाजपा का यह आचरण खतरे की घंटी है। उसे अपने कुकृत्यों के लिए जरा भी लोकलाज नहीं है।

'