Today Breaking News

सैदपुर में लापता पति की खोज को थाने पहुंची पत्नी - Ghazipur News

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सैदपुर नगर के वार्ड संख्या 15 निवासी पप्पू निषाद अपने पड़ोस के रहने वाले विरासन के साथ बीते 27 मार्च को गोरखपुर स्थित किसी सरिया कंपनी में काम करने के लिए गया था। उसके साथ सैदपुर नगर के 8 अन्य लोग भी गए थे।

5 दिन पूर्व वह गोरखपुर से नगर निवासी बाचा और रोहित के साथ घर के लिए निकला था। गोरखपुर स्टेशन पहुंचने के बाद बाचा स्टेशन से ही वापस फैक्ट्री लौट गया। जिसके बाद रोहित और पप्पू दोनों स्टेशन पर थे। जहां से रोहित तो सैदपुर लौट आया, लेकिन पप्पू नहीं लौटा।

पप्पू निषाद की पत्नी गीता देवी को जब यह बात पता चली, तो पति के बारे में पूछने के लिए वह रोहित के घर पहुंची। गीता को रोहित के परिजनों ने बताया कि वह गोरखपुर से घर आया था। लेकिन अभी कहां है, यह पता नहीं। जिसके बाद तीन-चार दिनों तक गीता ने गोरखपुर स्थित कंपनी से लेकर, नात रिश्तेदारों तक अपने पति पप्पू का पता लगाने का प्रयास किया। लेकिन पप्पू का कुछ अता पता नहीं चल सका।

थक हार कर गुरुवार को गीता नगर स्थित पुलिस थाना पहुंची। जहां उसने थानाध्यक्ष से मुलाकात कर अपनी आप बीती बताया। साथ ही महिला ने लिखित प्रार्थना पत्र देकर पति का पता लगाने की गुहार लगाई।

थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला के पति का पता लगाने के लिए, उसके साथ गए अन्य कामगारों और गोरखपुर स्थित उसकी कंपनी में संपर्क कर जानकारी इकट्ठा की जा रही है।

'