Today Breaking News

मिर्जापुर में लंदन वाली प्रियंका के नाम पर नौकरी कर रही कन्‍नौज की प्रियंका यादव की सेवा समाप्त

गाजीपुर न्यूज़ टीम, मिर्जापुर. लंदन में रहने वाली प्रियंका के नाम पर नौकरी कर रही प्रियंका यादव की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से सेवा से पदच्युत (सेवा समाप्त) कर दी गई। मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक मिर्जापुर मंडल कामता राम पाल एवं गठित त्रिस्तरीय जांच समिति की रिपोर्ट पर कार्रवाई की गई है। अपर शिक्षा निदेशक राजकीय डा. अंजना गोयल ने फर्जी प्रमाण पत्रों पर नौकरी करने की शिकायत पर आखिरकार कड़ी कार्रवाई की है।

लंदन में रहने वाली प्रियंका (वास्तविक पुत्री मनोज कुमार प्रजापति चक्रवर्ती पता रामकृष्ण नगर गुरसहायगंज कन्नौज, हाल पता बालाजी नगर तिरवा रोड, नजसरापुर कन्नौज) के शैक्षिक अभिलेख पर मिर्जापुर के पहाड़ी स्थित राजकीय बालिका हाईस्कूल भरपुरा में शिक्षक की नौकरी करने के प्रकरण का खुलासा बीते 24 फरवरी को हुआ। इसके बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया था। शिकायतकर्ता मनोज कुमार प्रजापति के अनुसार वह वहां लंदन में अपना परिवार संभाल रही हैं और यहां पर उनके कागजात पर दूसरी महिला प्रियंका यादव पुत्री अजमेर सिंह यादव पता ग्राम अदमापुर पोस्ट रोहिली थाना तालग्राम, तहसील छिबरामऊ कन्नौज बीते छह वर्षाें से नौकरी कर रही थी।

विंध्याचल मंडल में अभिलेखों के सत्यापन के दौरान मामला पकड़ में आया है। लंदन वाली प्रियंका के पिता ने पुलिस अधीक्षक कन्नौज से शिकायत करके आरोपितों पर कार्रवाई की मांग किया था। शिक्षा निदेशक माध्यमिक विनय कुमार पांडेय के निर्देश पर संयुक्त शिक्षा निदेशक कामताराम पाल के नेतृत्व में मंडलीय उप शिक्षा निदेशक व डीआईओएस मिर्जापुर सत्येंद्र कुमार सिंह की तीन सदस्यीय समिति प्रियंका प्रकरण की जांच किया। जांच में शिकायत सही मिलने पर अपर शिक्षा निदेशक राजकीय ने कार्रवाई की है। उन्होंने तथाकथित प्रियंका पुत्री मनोज कुमार प्रजापति चक्रवर्ती सहायक अध्यापिका उर्दू राजकीय बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भरपुर पहाड़ी मिर्जापुर, पता रामकृष्ण नगर गुरसहायगंज जिला कन्नौज हाल निवासी बालाजी नगर तिर्वा रोड कन्नौज की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से निरस्त करते हुए सेवा से पदच्युत कर दिया।

क्या है प्रकरण : विंध्याचल मंडल में वर्ष 2014 में आयाेजित एलटी भर्ती में शिक्षिका प्रियंका की उर्दू विषय में सहायक अध्यापक पद पर भर्ती हुई थी। भर्ती के बाद कागजातों का सत्यापन कराया जा रहा है। इस दौरान कन्नौज जिले के बालाजी नगर तिरवा रोड नजसरापुर निवासी मनोज कुमार प्रजापति ने पुलिस अधीक्षक को पत्र देकर शिकायत किया। 

कहा कि उनकी बेटी प्रियंका के शैक्षणिक कागजात पर एक महिला प्रियंका राजकीय बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भरपुरा पहाड़ी मिर्जापुर में नौकरी कर रही है। संयुक्त शिक्षा निदेशक द्वारा शैक्षणिक कागजातों के सत्यापन के दौरान प्रकरण की जानकारी हुई। पिता के अनुसार प्रियंका की शादी 14 फरवरी 2014 को अश्वनी कुमार पंचवटी विनायकपुर कानपुर के साथ हुई है और वह मार्च 2019 से लंदन में रह रही हैं। उनके शैक्षणिक अभिलेख उनके पास हैं। इसके बाद जांच में शिकायत सही मिली। समिति ने आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की है।

'