Today Breaking News

बड़ी वारदात! गोली मारकर युवक की हत्‍या, युवती जख्‍मी, युवती से मिलने पहुंचा था उसके घर

गाजीपुर न्यूज़ टीम, प्रयागराज. प्रयागराज में बुधवार की भोर में बड़ी वारदात हुई। यमुनापार के नैनी इलाके में एक युवक की गोली मारकर हत्‍या कर दी गई, जबकि गोली से जख्‍मी युवती एसआरएन अस्‍पताल में जीवन और मौत के बीच झूल रही है। वारदात उस समय हुई जब युवती से मिलने उसके घर युवक गया था। गोली किसने मारी अभी इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचकर पड़ताल कर रहे हैं।

यमुनापार के नैनी क्षेत्र में वारदात : नैनी में चक हीरानंद मोहल्‍ला है। चक हीरानंद मोहल्ला निवासी सुनील मिश्रा के घर देर रात उनकी लड़की उर्वशी मिश्रा 19 से मिलने श्रमिक बस्ती निवासी सत्य प्रकाश सिंह का लड़का अरुणव सिंह (24) आया था। बताते हैं कि बुधवार की भोर में सुनील मिश्रा के घर से गोली चलने की आवाज सुनकर मोहल्‍ले वालाें की नींद टूटी। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा तो अरुणव खून से लथपथ था और उर्वशी लहूलुहान थी।

युवती एसआरएन अस्‍पताल में भर्ती : वारदात की सूचना लोगों ने पुलिस को दी। कुछ ही देर में पुलिस भी पहुंची। दोनों को तत्‍काल शहर के एसआरएन यानी स्‍वरूपरानी नेहरू अस्‍पताल ले जाया गया। वहां चिकित्‍सकों ने अरुणव को मृत घोषित कर दिया जबकि उर्वशी को गंभीर अवस्‍था में भर्ती किया।

एसएसपी युवती के घरवालों से बंद कमरे में कर रहे पूछताछ : फिलहाल अभी चर्चा यही है कि अरुणव को उर्वशी के घरवालों ने गोली मारी है। उसे गोली मारने के बाद अनुमान लगाया जा रहा है कि उर्वशी को भी गोली मारी है। जानकारी मिलने पर एसएसपी भी पहुंचे। बंद कमरे में उर्वशी के घरवालों से एसएसपी पूछताछ कर रहे हैं।

क्‍या कहते हैं एसएसपी : एसएसपी अजय कुमार ने बताया कि मृतक अरुणव सिंह और घायल लड़की उर्वशी दोनों नैनी में पीडीए कालोनी स्थित महर्षि विद्या मंदिर इंटर कालेज में इंटर में पढ़ते थे। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़की के पिता ढाबा संचालक है। उसके पास लाइसेंसी पिस्टल है। वह रात को ढाबा से लौटे तो पिस्टल निकालकर मेज पर रख दिया। सुबह गोली चलने की आवाज सुनी तो वह छत पर गए। देखा तो लड़का मृत अवस्था में पड़ा था और लड़की घायल थी। उसने सुबह 5:25 बजे पुलिस को सूचना दी कि उनके छत पर एक लड़का मृत अवस्था में पड़ा है। एंबुलेंस व्यवस्था करें। तब पुलिस मौके पर पहुंची। लड़की इंटर कामर्स की छात्रा है। लड़का भी इंटर का छात्र था।

आखिर किसने मारी गोली : युवक व युवती को गोली किसने मारी यह कंफर्म नहीं हो पा रहा है। अरुणव के पिता सत्य प्रकाश सिंह एलआइसी एजेंट हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा लड़का रोज सुबह घूमने जाता था। आज सुबह 4:00 बजे मॉर्निंग वाक के लिए घर से निकला था। 7:00 बजे के करीब उन्हें बेटे को गोली मारे जाने की सूचना मिली तो रोते बिलखते मौके पर पहुंचे।

'