Today Breaking News

वाराणसी में डिवाइडर से टकराकर शशिकपूर की मौत, ओवरब्रिज पर मची चीखपुकार

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा जाने से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बाबतपुर वाराणसी रिंग रोड के हरहुआ ओवरब्रिज पर शुक्रवार की देर रात हुई दुर्घटना में घायल की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने घायलों को पंडित दीनदयाल हास्पिटल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने शशिकपूर उर्फ छोटू को मृतक घोषित कर दिया। उसके साथी को ट्रामा सेंटर बीएचयू के लिए रेफर कर दिया गया है।

बड़ागांव थाना क्षेत्र के गांगकला गांव निवासी शशिकपूर प्रजापति अपने एक साथी कनियर निवासी देव प्रकाश राय के साथ बाइक से शाम लगभग सात बजे शहर में खरीदारी करने गया था। खरीदारी करते हुए दोनों को काफी देर हो गया। रात लगभग 11 बजे दोनों घर लौटने लगे। शशिकपूर बाइक चला रहा था और देव प्रकाश पीछे बैठा था। बाइक की रफ्तार ज्यादा थी। दोनों बाबतपुर वाराणसी रिंग रोड के हरहुआ ओवरब्रिज पर पहुंचे थे कि बाइक अनिंत्रित हो गई। तेज रफ्तार होने के कारण शशिकपूर बाइक को नियंत्रित नहीं कर सका और दोनों बाइक समेत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। शशिकपूर को सिर में गंभीर चोट लगी। घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे।

पुलिस को सूचना देने के साथ ही एंबुलेंस से तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने शशिकपूर को मृत घोषित कर दिया। देव प्रकाश की गंभीर हालत को देखते हुए ट्रामा सेंटर के लिए रफेर कर दिया। शशिकपूर दो भाइयों में छोटा था और मोबाइल रिपेयरिंग करने के साथ ही ग्रामीण जनसेवा केंद्र चलाता था। उसके मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया मृतक को एक तीन वर्ष की बेटी है। हास्पिटल पहुंची पुलिस मृतक की लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वही घटना के चलते गांगकला बाजार बन्द रहा। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है।

'