Today Breaking News

शर्मनाक! 7 वर्षीय बालक से कुकर्म, विरोध करने पर 13 साल के आरोपित ने ब्लेड से जख्‍मी किया

गाजीपुर न्यूज़ टीम, प्रयागराज. प्रयागराज में शर्मनाक वारदात को अंजाम दिया गया है। शहर के करेली इलाके में रहने वाले सात वर्षीय बालक से कुकर्म करने और विरोध पर ब्लेड मारने की घटना सामने आई है। ब्लेड से जख्मी बालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपित किशोर की तलाश कर रही है। हालांकि अभी वह पुलिस की पकड़ से दूर ही है।

झारखंड का रहने वाल है बालक, पिता यहां मजदूरी करते हैं : झारखंड का मूल निवासी एक व्‍यक्ति प्रयागराज शहर में करेली के गौस नगर इलाके में झुग्गी बनाकर रहता है। वह मजदूरी करता है। उसके परिवार में सात वर्ष का एक बेटा है। बालक को पड़ोस में रहने वाला एक किशोर खाली प्लाट में पकड़कर ले गया और कुकर्म करने लगा। विरोध करने पर बालक के सीने में उसने ब्लेड से वार किया, जिससे वह जख्मी हो गया तो आरोपित भाग निकला।

करेली इंस्‍पेक्‍टर बोले- 13 वर्षीय आरोपित की तलाश कर रहे : बच्चे की चीख-पुकार सुन आसपास मौजूद लोग पहुंचे और गंभीर हाल में उसे अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिली तो पुलिस भी पहुंच गई। इस संबंध में इंस्पेक्टर करेली अरविंद गौतम का कहना है कि बालक की दादी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। छानबीन में पता चला है कि आरोपित 13 वर्ष का है। उसकी तलाश की जा रही है। बच्चे से पूछताछ में घटना की सच्चाई का पता चल सकेगा।

महिला से दुष्कर्म का आरोप सिद्ध : महिला को नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म करने का आरोप साबित होने पर सत्र न्यायालय ने रिशी साहू को दोषी करार दिया है। सजा पर सात जून को सुनवाई होगी। अपर जिला जज रचना सिंह ने सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता अमित मालवीय एवं आरोपित के अधिवक्ता के तर्क को सुनकर व पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों के अवलोकन के उपरांत अदालत में आरोपित पर दोष सिद्ध किया।

अतरसुइया इलाके की घटना : घटना अतरसुइया थाना क्षेत्र में मार्च 2016 को हुई थी। पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका पड़ोसी रिशी साहू किराने का सामान पहुंचाने उसके घर आता था। उसी दौरान उसने नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया। फिर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दोबारा गलत काम किया। पुलिस से शिकायत करने की बात कहने पर उसने उसकी चार वर्ष की लड़की के अपहरण एवं परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी।

'