Today Breaking News

सड़क हादसों में सब्जी विक्रेता की मौत, दो छात्रों सहित तीन घायल - Ghazipur News

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के खानपुर के अनौनी बाजार व नंदगंज के नैसारा हनुमान मंदिर के पास दो अलग-अलग सड़क हादसे में सौना निवासी सब्जी विक्रेता कांता राजभर की मौत हो गई, वहीं नैसारा में दूध व स्कूल की मैजिक में टक्कर होने से चालक सहित दो छात्र घायल हो गए।

खानपुर के सौना निवासी 44 वर्षीय बाइक सवार कांता राजभर को अनौनी बाजार में मेहनाजपुर के तरफ से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। कांता सैदपुर सब्जी मंडी से सब्जी लेकर अपने घर सौना जा रहे थे। तभी पिकअप की चपेट में आ गए। पिकअप में लगे हुक में फंस गए और करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए दूर जा गिरे। चालक को बाजारवासियों ने दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। वही कांता को निजी चिकित्सालय लें जाया गया, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर बीएचयू रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई।

रोड क्रास करते समय स्कूली मैजिक को मारी टक्कर

नंदगंज के नैसारा हनुमान मंदिर के पास दूध वाहन व स्कूल की मैजिक में आमने-सामने टक्कर हो गई। मैजिक चालक सहित दो बच्चे घायल हो गए। कुंवरपुर निवासी चालक कुबेर का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने दूध वाहन सहित चालक को हिरासत में ले लिया। एमकेटीएम पब्लिक स्कूल नैसारा की एक बजे छुट्टी होने पर मैजिक चालक बच्चों को लेकर घर छोड़ने जा रहा था। नैसारा फोरलेन पर हनुमान मंदिर के पास रोड क्रास करते समय दूध वाहन से सीधी टक्कर हो गई। इसमें कुंवरपुर की परी यादव और देवसिया निवासी देव सिन्हा घायल हो गए। थानाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दूध वाहन चालक मऊ के दक्षिण टोला थाना के भदेसरा निवासी बेचू यादव को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 
 '