Today Breaking News

पत्‍नी के चरित्र पर शक करता था इसलिए फावड़े से मार डाला, रक्‍तरंजित फावड़ा बरामद

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. वाराणसी के रामनगर में गंगाधर पुरम कालोनी में रविवार को एक दिलदहला देने वाला मामला सामने आया। यहां एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद मृतका के पति विष्णु तिवारी ने थाने पहुंच मामले की जानकारी दी। मृतका का बड़ा बेटा सत्यम तिवारी अपने पिता पर हत्या का आरोप लगा रहा है। फिलहाल पुलिस मामलें की छानबीन में जुटी है। चर्चा है कि पति पत्नी के चरित्र पर शक करता था और अक्सर दोनों के बीच झगड़ा होता रहता था। मौके से पुलिस ने रक्तरंजित फावड़ा बरामद कर लिया। हृदय विदारक घटना से इलाका दहल गया।

चंदौली जिले के कांटा- विशुनपुरा निवासी विष्णु मिश्रा अपनी 46 वर्षीय पत्नी सरिता के साथ गंगाधर पुरम कालोनी में मकान बनवाकर रहता है। विष्णु आटो चलाकर घर चलाता है। उसके दो बच्चे है। बड़ा बेटा सत्यम तिवारी सामने घाट में सत्यमनगर कालोनी में आरओ प्लांट पर पानी सप्लाई करता है जबकि शिवम तिवारी ब्रोचा हास्टल बीएचयू में रह कर बीएससी की पढ़ाई करता हैं। इस बीच पति पत्‍नी के बीच विवाद को लेकर परिजनों का रोक टोक भी होता था मगर विवाद ऐसा बढ़ा कि पत्‍नी की आरोपित ने हत्‍या कर दी। 

पत्नी के चरित्र के संदेह को लेकर दम्पति में अक्सर विवाद होता रहता था। एसीपी कोतवाली त्रिलोचन त्रिपाठी ने बताया कि मृतका का पति सुबह जानकारी दिया कि मेरी पत्नी की किसी ने हत्या कर दी है। पुलिस कर्मी मौके पर पहुंची तो देखा की सरिता लहूलुहान होकर जमीन पर पड़ी हुई थी और उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हो रही थी। मामले की भनक लगते ही तत्काल एडीसीपी राजेश पांडेय, डीसीपी रामसेवक गौतम, एसीपी त्रिलोचन त्रिपाठी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बताया कि आरोपित पति को हिरासत में लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर अगली कार्यवाही की जा रही है। वहीं क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।

'