Today Breaking News

गाजीपुर में गंगा जलस्तर में 10 घंटों में 20 सेंटीमीटर की कमी

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले में जमानियां के गंगा नदी के तटवर्ती गांव के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। गंगा के जलस्तर में घटाव शुरू हो गया है। जल आयोग के मुताबिक, गंगा दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से घट रही है। बीती रात बारह बजे के बाद से घटाव शुरू हुआ। पिछले दस घंटे में जलस्तर में 20 सेंटीमीटर की कमी आई है।

जल आयोग ने बताया कि गंगा का वर्तमान जलस्तर बुधवार की सुबह 59.160 मीटर दर्ज किया गया। गंगा खतरे के निशान से अब 3.945 मीटर नीचे बह रही है। एसडीएम भारत भार्गव और तहसीलदार लालजी विश्वकर्मा ने बाढ़ कंट्रोल रूम में मातहतों संग बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया।

संबंधित कर्मचारी केंद्र पर रहे तैनात

एसडीएम ने कहा कि भले ही जलस्तर में कमी आनी शुरू हो गई हो, लेकिन एहतियातन हमें पूरी तरह से सतर्क रहना है। बाढ़ को लेकर प्रशासन ने 250 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। हर बाढ़ चौकी पर पांच कर्मचारी लगाए गए हैं। जबकि 50 कर्मी रिजर्व रखे गए हैं। हर कर्मचारी अपने ड्यूटी स्थल पर तैनात रहे।

बाढ़ से प्रति वर्ष 8 हजार हेक्टेयर से ज्यादा क्षेत्रफल प्रभावित होता है। जमानियां क्षेत्र में कुल 258 गांव हैं। जिसमें से 107 गांव तराई क्षेत्र के हैं। जो हर साल गंगा का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की चपेट में आ जाते हैं। आने वाली बाढ़ से करीब 70 हजार 653 परिवार के तीन लाख की आबादी प्रभावित होती है।

जलस्तर का घटाव आगे भी होगा

एसडीएम ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से निपटने के लिए कुल 41 बाढ़ चौकी, 6 बाढ़ राहत केन्द्र, 40 नाव, 7 बाढ़ राहत शरणालय बनाए गए हैं। 6 से ज्यादा गोताखोर और 12 से ज्यादा आपदा मित्रों को हर समय सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। केन्द्रीय जल आयोग गाजीपुर के प्रभारी/ ईंचार्ज अजीत कुमार ने बताया कि जलस्तर दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से घट रहा है। गंगा में यह घटाव आगे भी जारी रहेगा।

'