Today Breaking News

गाजीपुर और चंदौली में मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा, वाराणसी में बाढ़ पीड़ितों का लेंगे हाल

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज जिले में एक घंटा रहेंगे। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने के पश्चात मुहम्मदाबाद के अष्ट शहीद इंटर कॉलेज में बाढ़ पीड़ितों को अपने हाथों से राहत किट बाटेंगे। इसके पश्चात वह चंदौली के लिए रवाना हो जाएंगे। इसके पूर्व सुबह ही प्रशासन को सीएम के आगमन की जानकारी हुई तो आनन फानन जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां शुरू करने के साथ ही बैठक कर सीएम के दौरे की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया। सीएम दोपहर बाद चंदौली और शाम को वाराणसी में भी रहेंगे। वाराणसी में वह रात्रि विश्राम भी करेंगे और बाढ़ राहत शिविरों का दौरा भी करेंगे। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ का कार्यक्रम अचानक तय होने से जिला प्रशासन हक्का-बक्का रह रह गया। जिलाधिकारी एमपी सिंह और पुलिस अधीक्षक रोहन पी. बोत्रे रात में मुहम्मदाबाद के अष्ट शहीद इंटर कॉलेज पहुंचे और हेलीपैड बनाने के साथ अन्य तैयारी में जुट। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरी रात तैयारियां चलती रहीं। सुबह होते-होते मुहम्मदाबाद में अधिकारी पहुंचने लगे। वहीं भाजपा नेताओं का भी जमावड़ा हो गया है। सुरक्षा को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस के जवान तैनात कर दिए गए हैं। जिलाधिकारी स्वयं तैयारियों का जायजा लेने के साथ ही दिशा- निर्देश देते रहे। इसके साथ ही प्रत्‍येक बिंदु के साथ ही बाढ़ की तैयारियों की रिपोर्ट भी तैयार की गई। 

मुख्यमंत्री कब क्या किससे सवाल कर दें, इसको लेकर भी अधिकारियों की हवाइयां उड़ी हुई है। मुख्यमंत्री का उड़न खटोला दोपहर दो बजे अष्ट शहीद इंटर कॉलेज में बनाये गए हेलीपैड पर लैंड करेगा। यहां मुख्यमंत्री बाढ़ पीड़ितों से उनकी परेशानियों को जानेंगे और उन्हें राहत सामग्री देंगे। इसके बाद बाढ़ और इससे बचाव के लिए किए जा रहे इंतजाम और पीड़ितों को की जा रही मदद के बारे में अधिकारियों से जायजा लेंगे। करीब एक घंटे तक यहां रुकने के पश्चात पूरे जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इसके बाद वह चंदौली जाएंगे और वहां भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। 

'