Today Breaking News

डांस करते हुए चलने लगे ईंट-पत्थर, दो पक्षों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडे और फावड़े से बोला हमला

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. लखनऊ के असनहा गांव में बुधवार रात मुंडन संस्कार कार्यक्रम में डीजे पर डांस करने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों ओर से ईंट-पत्थर, लाठी डण्डे और फावड़े से हमला बोला गया। इसमें दोनों पक्षों से 20 लोग घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। दो लोगों की हालत गम्भीर देख उन्हें ट्रॉमा सेन्टर भेज दिया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर दर्ज कर चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

असनहा गांव निवासी कौशल के पोते आशीष और पोती सारिका का मुंडन होने के उपलक्ष्य में प्रीतिभोज था। इस मौके पर घर के बाहर डीजे लगवाया गया था। परिवार के लोग और कुछ रिश्तेदार इस पर डांस कर रहे थे। कौशल के घर के सामने ही कुछ लोगों ने मंदिर में भण्डारे का आयोजन किया था। इसमें गांव के रत्नेश, शिव कुमार, बबलू, धनीराम और अंकित रविदास समेत कई लोग मौजूद थे। कौशल के मुताबिक भण्डारे में आये अंकित, बबलू, मोहित, रिंकू डीजे पर आकर डांस करने लगे। उन लोगों ने विरोध किया तो गाली-गलौज करने लगे।

महिलाओं से छेड़छाड़ पर बढ़ा विवाद

इस दौरान ही घर की महिलाएं वहां से निकली तो अंकित व उसके साथियों ने उनसे छेड़छाड़ की। इसका विरोध करने पर अंकित और उसके साथियों ने हमला बोल दिया। अंकित के साथी लाठी-डंडे, चापड़ और फावड़ा लेकर दूसरे पक्ष पर टूट पड़े। दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। इसी बीच कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। कई लोग चोटिल हो गये।

भगदड़ मचने पर कई चोटिल

बवाल बढ़ने पर समारोह में भगदड़ मच गई। इस दौरान कई लोग गिरकर चोटिल हो गये। कौशल की ओर से प्रेमा, कौशल, शर्मा, मानसी, राजकुमार, रजनी, शैलेंद्र, मोनिका, हरदेई समेत कई लोग घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष से शिवरानी, गोल्डी, आकांक्षा, राजरानी, रोली, शिवकुमार, शानू चोटिल हो गए। इस बीच सूचना पाकर वहां पहुंची इटौंजा पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। दिनेश और रजनी की हालत गम्भीर देख उन्हें ट्रॉमा सेन्टर भेज दिया गया। इंस्पेक्टर इटौंजा रवींद्र कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से रिंकू, अंकित, मोहित व आलोक को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

'