Today Breaking News

सीएम योगी आज गोरखपुर आएंगे, 300 करोड़ की योजनाओं का करेंगे लोकार्पण व शिलान्यास

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. दीपावली से पहले दो दिन के लिए गोरखपुर आ रहे मुख्यमंत्री जिले को तीन अरब एक करोड़ 20 लाख रुपये की योजनाओं की सौगात देंगे। मंगलवार शाम चार बजे मुख्यमंत्री नगर निगम परिसर में नगर निगम की 215 करोड़ 97 लाख और गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की 62 करोड़ 84 लाख रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। बुधवार को मुख्यमंत्री 20 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से तैयार उनवल बाइपास को जनता को समर्पित करेंगे। यहां वह दो कराेड़ 12 लाख रुपये की लागात से बने उनवल नगर पंचायत भवन का लोकार्पण करेंगे।

नगर निगम की 215.97 करोड़, जीडीए की 62.84 करोड़ की योजनाएं शामिल

मुख्यमंत्री नगर निगम की 226 और जीडीए की 54 योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इनमें 209 करोड़ 88 लाख रुपये की नगर निगम की 188 विकास योजनाओं का शिलान्यास और छह करोड़ नौ लाख रुपये के 38 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। 6.09 करोड़ रुपये के 38 कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। जीडीए के कार्यों की लागत 62 करोड़ 84 लाख रुपये है।

रोशनी से जगमग हुआ नगर निगम

मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए नगर निगम के नए सदन भवन के सामने भव्य पंडाल लगाया गया है। पंडाल को गोरखनाथ मंदिर का रूप दिया गया है। शास्त्री चौक के रास्ते मुख्यमंत्री नगर निगम में प्रवेश करेंगे। शास्त्री चौक को भी सजाया गया है। देर रात तक नगर आयुक्त अविनाश सिंह के साथ सभी अफसर परिसर में ही मौजूद रहे।

सदन हाल में भी बैठेंगे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नए सदन भवन के हाल में भी बैठेंगे। यहां वह पार्षदों के साथ संवाद कर सकते हैं। यह दूसरी बार होगा जब मुख्यमंत्री नए सदन भवन के हाल में बैठेंगे। इससे पहले सदन भवन का लोकार्पण करने आए मुख्यमंत्री ने हाल में बैठ कर पार्षदों से बात की थी। हाल द्वितीय तल पर स्थित है।

उनवल पहुंचे विधायक

सहजनवां के विधायक प्रदीप शुक्ल, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मारकंडेय रा, जिला मंत्री डा. आरडी सिंह, मनोज राम त्रिपाठी, रामप्रकाश चौरसिया, दिलीप यादव, राम बुझारत पासवान, शिवनारायण बेलदार आदि ने उनवल पहुंचकर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों को जायजा लिया। बुधवार को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री हेलीकाप्टर से उनवल पहुंचेंगे। वह यहां जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

अपने मुख्यमंत्री के स्वागत की हमने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अच्छा कार्य करने वाले सफाईकर्मियों को भी मुख्यमंत्री सम्मानित करेंगे। पूरे नगर निगम को सजाया गया है। सदन हाल में मुख्यमंत्री से रूबरू होने के लिए पार्षद भी उत्साहित हैं। - सीताराम जायसवाल, महापौर।

'