Today Breaking News

गाजीपुर में 15 हजार का इनामी बदमाश युधिष्ठिर यादव गिरफ्तार

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में शराब तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के क्रम में मंगलवार को पुलिस ने शातिर गैंगस्टर आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार था। इस पर 15 हजार का इनाम भी घोषित था। इसे खानपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

अपराधों की रोकथाम के लिए चलाया जा रहा अभियान

एसपी ओमवीर सिंह के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ और अपराधों की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खानपुर थाना पुलिस क्षेत्र बिहारीगंज डगरा के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध व्यक्ति को पूछताछ के लिए पुलिस ने रोका। संदिग्ध व्यक्ति गैंगस्टर एक्ट का वांछित व 15000 का इनामिया अपराधी युधिष्ठिर यादव निकला। जिसे पुलिस ने तत्काल अवैध तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया।

थानाध्यक्ष संजय मिश्रा के मुताबिक गिरफ्तार बदमाश लंबे समय से अवैध शराब के कारोबार और अवैध शस्त्र के मामले में वांछित था। इस पर जनपद के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि 15 हजार के इनामिया और गैंगस्टर में वांछित बदमाश को गिरफ्तार किया गया है। यह अवैध शराब कारोबार में लिप्त था। पुलिस को लंबे समय से इसकी तलाश थी। उन्होंने यह भी बताया कि आगे भी वांछित अपराधियों की धरपकड़ जारी रहेगी।

'