Today Breaking News

अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा में भीड़ बढ़ी, महिला श्रद्धालु बेहोश हुईं; 6 को अस्पताल भेजा

गाजीपुर न्यूज़ टीम, अयोध्या. अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा कल रात से शुरू हो गई है। कल रात 1.38 बजे हनुमान गुफा बैरियर के पास दोनों तरफ से आ रही भीड़ इकट्‌ठा हो गई। इससे वहां कुछ देर के लिए हालात मुश्किल हो गए। कई बुजुर्ग महिला श्रद्धालु बेहोश हो गईं। इनमें 6 श्रद्धालुओं को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया है। एक महिला की हालत गंभीर होने की वजह से उनको लखनऊ रेफर किया गया है।

वहीं लखनऊ के इंदिरानगर की रहने वाली एक महिला लापता हो गईं। प्रशासनिक अफसरों का अनुमान है कि परिक्रमा में करीब 20 लाख श्रद्धालु पहुंचे हैं।

नया घाट और वासुदेव घाट, दोनों तरफ की भीड़ अचानक बढ़ी

नया घाट बंधा तिराहे पर तैनात मेला मजिस्ट्रेट लक्ष्मण प्रसाद के मुताबिक, 14 कोसी परिक्रमा के दौरान रात 1:38 बजे हनुमान गुफा बैरियर के पास नयाघाट व वासुदेव घाट दोनों ओर से आ रही भीड़ इकट्ठा हो गई। इसे नियंत्रित करने में पुलिस के पसीने छूट गए। भीड़ ज्यादा के कारण कई लोग बेहोश हो गए। उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। हालांकि उन्हें बुधवार सुबह डिस्चार्ज करके घर भेज दिया गया।

हम गिर गए, फिर लोग हमारे ऊपर से गुजरने लगे

रामादेवी ने बताया कि परिक्रमा के वक्त पीछे से भीड़ का दबाव बढ़ गया। हम पांच महिलाएं थी। धक्का लगने से हम गिर पड़े। परिक्रमा कर रहे लोग हमारे ऊपर से गुजर गए। वहां कुछ दूर पर खड़े लोगों ने ही हमें बचाया। 40 वर्षीय कीर्ति ने बताया कि पुलिस ने भीड़ को रोका था। हम लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए बहुत गुहार लगाई। लेकिन जब लगा कि अब कुछ नहीं कर सकते तब शरीर से आवाज निकलना भी बंद हो गई। फिर हम बेहोश हो गए।

सावित्री की हालत गंभीर देखते हुए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है।

बहराइच किशनगंज की 70 वर्षीय बिट्‌टीपत्नी साधु राम अवस्थी

बहराइच के नतोहरा की 70 वर्षीय रामादेवी पत्नी आज्ञाराम त्रिवेदी

बहराइच के पखरपुर की 40 वर्षीय कीर्ति कुमारी पत्नी राम नरेश मिश्रा

बहराइच के फखरपुर की 60 वर्षीय कल्याना पत्नी रामकेवल

बहराइच की नव सहरा की 60 वर्षीय सावित्री पत्नी सुंदरलाल

लखनऊ के अशोक बोले- मेरी पत्नी लापता

लखनऊ के इंदिरा नगर में रहने वाले अशोक पांडे भी वहीं पर मौजूद थे। उन्होंने बताया,"इस घटना में 6 लोग बेहोश हो गए हैं। जबकि उनकी पत्नी लापता हैं। उन्होंने मेला नियंत्रण कक्ष में कई बार अनाउंसमेंट कराया। श्रीराम अस्पताल भी गए। मगर उनकी पत्नी का पता नहीं चल पाया।" करीब 3 घंटे बाद उनकी पत्नी परिक्रमा पथ के पास ही मिल गईं। भीड़ में उनकी तबीयत भी बिगड़ गई थी।

घाट जोन के पुलिस व्यवस्था के प्रभारी सीओ बीकापुर संदीप सिंह ने बताया कि अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। हनुमान गुफा बैरियर पर भारी भीड़ के कारण बेहोश लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। लापता महिला को उसके पति को सौंप दिया गया है।

सुरक्षा के इंतजाम, 5 जोन में बांटा है एरिया

दरअसल, कोरोना काल के बाद होने वाली 14 कोसी परिक्रमा में इस बार 20 लाख श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। 1 नवंबर को अक्षय नवमी के मुहूर्त पर रात 12 बजकर 47 मिनट पर परिक्रमा की शुरुआत हुई जो 2 नवंबर की रात 10 बजकर 30 मिनट पर अक्षय नवमी के साथ खत्म होगी।

भक्त अधिक होने से सुरक्षा के इंतजाम भी किए गए हैं। 48 किमी. लंबी इस परिक्रमा को जिला प्रशासन ने 5 जोन में बांटी है। पांचों में स्टैटिक मजिस्ट्रेट व पुलिस अधिकारी तैनात हैं। घाट जोन, नागेश्वर नाथ जोन, हनुमानगढ़ी जोन, कनक भवन जोन, यातायात एवं भीड़ नियंत्रण जोन बनाए गए हैं।

6 संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन से हो रही निगरानी

14 कोसी परिक्रमा ड्रोन की निगरानी में हो रही है। 6 संवेदनशील स्थान चुने गए हैं। यही नहीं, श्रद्धालुओं के लिए परिक्रमा के दौरान आराम करने के लिए 20 जगह नगर निगम की ओर से विश्रामालय भी बनाए हैं। अब आपको इस परिक्रमा की महत्व बताते हैं।

अयोध्या की 14 कोसी परिक्रमा का पौराणिक महत्व है। इसमें देशभर के श्रद्धालु शामिल हुए हैं। इनमें अधिकांश नंगे पैर यह परिक्रमा कर रहे हैं। ऐसी मान्यता है कि अक्षय नवमी के दिन मुहूर्त में अयोध्या में 14 कोस की परिक्रमा किए जाने से जन्म जन्मांतर के बंधन से मुक्ति प्राप्त होती है और मोक्ष की प्राप्ति होती है।

परिक्रमा मार्ग की आज सुबह की तस्वीर


'