Today Breaking News

चार दिन बीते..गाजीपुर के किसी भी केंद्र पर नहीं हुई छंटाक भर धान की खरीद

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले में धान की खरीद पहली नवंबर से निर्धारित है लेकिन चार दिन बीतने के बाद भी किसी केंद्र पर खरीद शुरू नहीं हुई है। इसके पीछे धान की आवक न होने को कारण बताया जा रहा है। हालांकि किसान अपने नजदीकी केंद्रों पर संपर्क कर रहे हैं। अगले सप्ताह से खरीद शुरू होने की उम्मीद है।

जिले को इस वर्ष दो लाख 15 हजार मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए विभिन्न संस्थाओं के 106 केंद्र खुले हैं। जल्द ही कुछ और केंद्र खोले जाएंगे। पहली नवंबर से 28 फरवरी तक धान खरीद की अवधि निश्चित की गई है। लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी किसी भी केंद्र पर छटांक भर भी बोहनी नहीं हुई है। धान की बिक्री के लिए अब तक लगभग दस हजार किसानों की तरफ से पंजीकरण कराया गया है जबकि ढाई हजार का सत्यापन हो चुका है। वह बिक्री के लिए आसपास के केंद्रों पर जाकर संपर्क कर रहे हैं। 

मरदह संवाददाता के अनुसार खाद्य विपणन अधिकारी प्रेमनारायण यादव ने बताया कि विकासखंड क्षेत्र में कबीरपुर एवं हैदरगंज में केंद्र खुला है। धान की मड़ाई में अभी समय है जिससे किसान अभी क्रय केंद्र पर नहीं पहुंच रहे हैं। इसके अलावा बीरबलपुर में नया क्रय केंद्र खुलना प्रस्तावित है। केंद्रों पर धान की आवक नहीं हो रही है। आवक होते ही खरीद शुरू हो जाएगी- रतन कुमार शुक्ला, जिला खाद्य विपणन अधिकारी

किसान नेताओं में नाराजगी

पिछले वर्ष धान खरीद का प्रति एकड़ जो मानक था उसको घटाकर आधा कर दिया गया है। इससे किसानों में काफी निराशा है। अभी पश्चिमी उत्तर प्रदेश और अवध के जिलों से क्रय केंद्रों पर किसानों के धान न खरीद होने और 1300-1400 रुपये में धान बेचने की रिपोर्ट आ रही है। तमाम सवालों के साथ धान खरीद के मुद्दे पर 26 नवंबर को लखनऊ में किसान संगठनों का राजभवन मार्च है।- ईश्वरी प्रसाद कुशवाहा, राष्ट्रीय सचिव अखिल भारतीय किसान महासभा

धान क्रय केंद्र अभी तक चालू नहीं होने की सूचना मिल रही है। इसके लिए जल्द से जल्द जिलाधिकारी से मिलकर वार्ता की जाएगी। अभी नाममात्र किसानों की धान मड़ाई हुई है। जैसे ही इसमें वृद्धि होगी क्रय केंद्र पर खरीदारी तेज होगी- धनंजय चौबे, जिला महामंत्री भाजपा किसान मोर्चा

सैकड़ों किसान आनलाइन रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं लेकिन मरदह क्षेत्र में धान क्रय केंद्र का अभी तक न खुलना चिंता का विषय बना हुआ है। - जनार्दन राम, जिलाध्यक्ष अखिल भारतीय किसान सभा

'