Today Breaking News

गाजीपुर में महावीर चक्र विजेता रामउग्रह पांडेय का मनाया गया शहादत दिवस, दी गई श्रद्धांजलि

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में महावीर चक्र विजेता शहीद राम उग्रह पांडेय का 51वां शहादत दिवस मनाया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जखनियां रेलवे परिसर में शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण श्रद्धांजलि अर्पित की। मौजूद लोगों ने इस दौरान शहीद राम उग्रह पांडेय अमर रहें के नारे भी लगाए।

भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष प्रमोद वर्मा ने कहा कि शहीद राम उग्रह पांडेय ने 1971 के भारत-पाक युद्ध में अदम्य साहस का परिचय देते हुए कई बंकर ध्वस्त किए। देश के मान, सम्मान, स्वाभिमान के लिए खुद कंधे पर लांचर लेकर लगातार दागते हुए दुश्मन देश के बंकरों को ध्वस्त किया और खुद शहीद हो गए।

शहीद राम उग्रह पांडेय को मरणोपरांत महावीर चक्र प्रदान किया गया। 26 जनवरी 1972 को तत्कालीन राष्ट्रपति वीवी गिरी ने दिल्ली में गणतंत्र दिवस की परेड में शहीद की पत्नी श्यामा देवी को यह सम्मान प्रदान किया था। श्यामा देवी ने कहा कि वीर जवान दिन-रात सीमा पर जगते है, तब हम आराम से अपने घरों में सो पाते है। हम सभी को अपनी सेना का सम्मान करना चाहिए।

इस दौरान सैनिक सेवा संस्थान के अध्यक्ष संतोष मौर्या, भूतपूर्व सैनिक योगेंद्र यादव, धुरंधर प्रजापति, राजेन्द्र यादव, सूबेदार यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता दयाशंकर सिंह, इंद्रदेव कुशवाहा, अशोक गुप्ता, प्रशांत सिंह, धर्मवीर भारद्वाज, धर्मेंद्र कुशवाहा, वीरेंद्र पाण्डेय, धर्मेंद्र चौरसिया, वेद पाण्डेय, अजय सिंह, सुनील यादव, टोनी चौरसिया, संतोष सिंह मुन्ना, मनोज गुप्ता, सूबेदारराजेन्द्र, कल्पनाथ यादव, अरुण सिंह ने शहीद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर राष्ट्रगान के साथ श्रद्धांजलि अर्पित किया।

मालूम हो कि भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान कैक्कस लिली में पूर्वी सीमा पर मोरपाडा में 23 नवंबर 1971 की रात में अपने पराक्रम से राम उग्रह पांडेय ने दुश्मन के तीन बंकरों को नेस्तनाबूद कर दिया। इससे बौखलाए पाकिस्तानी फौज ने भारी गोलाबारी की। बावजूद इसके वह दुश्मनों के दांत खट्टे करते हुए शहीद हो गए।

'