Today Breaking News

Ghazipur News: शादी समारोह में आए भांजे को 2 युवकों ने मारी गोली, घटना की सूचना से मामा की हार्टअटैक से मौत

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मामला शादियाबाद के बरहट गांव में निमंत्रण पर शादी समारोह में सुजनीपुर से आए शिखर सिंह को दो युवकों ने गोली मार दी। हालांकि गोली शिखर के सिर को छुते हुए निकल गई और वह बाल-बाल बच गया। यह खबर शिखर के मामा अजीतपाल सिंह को मिली तो वह अवाक रह गए और उनकी हृदयगति रूक गई। इससे स्वजन में कोहराम मच गया। शिखर की तहरीर पर पुलिस ने कटघरा निवासी दो लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर उनकी तलाश में जुट गई है।

शिखर सिंह बचपन से ही सुजनीपुर अपने ननिहाल में रहता था। शुक्रवार की रात बरहट गांव के अभय सिंह के यहां बारात आई थी। इसी समारोह में शामिल होने के लिए आया था। बारात में कटघरा गांव के कृष्ण प्रताप सिंह उर्फ शरद सिंह व शैलेष सिंह भी आए हुए थे। शिखर सिंह को देखते ही दोनों ने तमंचे से उसके ऊपर फायर झोंक दिया। 

हालांकि संयाेग अच्छा था कि वह बच गया। इसके बाद शिखर जान बचाने के लिए महिलाओं के बीच चला गया। फायरिंग के बाद पूरे बारात में अफरातफरी का माहौल हो गया। इसी बीच मौके का फायदा उठाते हुए दोनों आरोपित फरार हो गए। शिखर सिंह को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। रात में ही इसकी खबर गांव वालों ने शिखर के मामा अजितपाल सिंह को दी।

यह सुनते ही अजितपाल हतप्रभ रह गए और उनकी हृदयगति रुक गई। इससे स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों पक्षों में आपसी विवाद को लेकर पहले भी मारपीट व चाकूबाजी हो चुकी है। अगर इस विवाद को शीघ्र सुलझाया नहीं गया तो किसी दिन बड़ी घटना का रूप ले सकता है। थाना प्रभारी धनानन्द त्रिपाठी ने बताया कि घायल शिखर सिंह की तहरीर पर दों लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

'