Today Breaking News

गाजीपुर में सर्द हवाओं से जनजीवन बेहाल, शहर में नहीं जल रहे अलाव

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाज़ीपुर में पिछले कुछ दिनों से लगातार ठंड में इजाफा हो रहा है। कड़कड़ाती ठंड से लोग बेहाल हैं। सर्द हवाओं और कोहरे के चलते जन जीवन प्रभावित है और लोगों को अपने रुटीन के कामों में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कोहरे के चलते सूरज के दर्शन भी मुश्किल से हो रहे हैं। जिसके चलते तापमान में गिरावट आई है। सर्द हवाओं से गलन बढ़ी है। बढ़ती ठंड से लोगों के सामने समस्यायें आ रही है। लोग कड़ाके की सर्दी से बचने के लिए तरह तरह के उपाय कर रहे हैं।

मौसम के बदलते तेवर से जन जीवन प्रभावित हो रहा है। सर्द हवाओं के चलते ठंड में लगातार इजाफा हो रहा है। बढ़ती ठंड से लोगों की मुश्किले भी बढ़ रही है। लगातार बढ़ती ठंड के बावजूद जिला प्रशासन और नगर पालिका की ओर से अभी तक अलाव की व्यवस्था नही की है। जिसके चलते राहगीरों को ठंड से राहत मिलती नजर नही आ रही है। बढ़ती ठंड से जहां लोगों की मुसीबते बढ़ रही हैं,वहीं प्रशासन ठंड से राहत और बचाव के लिए जल्द ही अलाव के इंतजाम का दावा कर रहा है।

ठंड से लोग हो रहे परेशान

सब्जी विक्रेता बबलू ने बताया कि कोहरे और ठंड के चलते सुबह मंडी से सब्जी खरीदना मुश्किल पड़ रहा है। इतना ही नहीं ठंड के कारण बाजारों में सन्नाटा है, जिसके कारण खरीददारी भी प्रभावित हो रही है। असगर अली ने बताया कि चंद दिनों में जनजीवन को ठंड ने अपनी आगोश में ले लिया है। कोहरे के कारण दोपहर में सूर्य के दर्शन हो रहे हैं और जल्द ही शाम हो जा रही है। जिसके चलते बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ नजर आ रहा है।

राहगीरों को हो रही परेशानी

ठंड बढ़ गई है, ऐसे में सड़कों पर गाड़ियों का चलाना भी दुष्कर हो गया है। कोहरे की चलते सफर करना खतरनाक साबित हो रहा है। कुंदन बरनवाल ने कहाकि बढ़ती ठंड ने हम लोगों की दिनचर्या बदल दी है, वहीं कोहरे के कारण सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। कोहरे के कारण विजिबिलिटी न होने से आवागमन में काफी कठिनाइयां हो रही है। वहीं मुकेश ने बताया कि बढ़ती ठंड के बावजूद नगर पालिका प्रशासन अभी तक शहर के चौराहों पर अलाव की व्यवस्था नहीं करा पाया है, जिससे राहगीरों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है।

'