Today Breaking News

शिवपाल यादव बोले- भाजपा गुंडई करती है: विपक्ष पर झूठे केस दर्ज हो रहे हैं

गाजीपुर न्यूज़ टीम, प्रयागराज. सपा नेता शिवपाल यादव ने मंगलवार को प्रयागराज में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इरफान के खिलाफ हो रही कार्रवाई पर उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। शिवपाल ने कहा, "विपक्ष पर झूठे केस दर्ज हो रहे हैं। विपक्ष का उत्पीड़न हो रहा है। इरफान की लड़ाई सदन तक लड़ेंगे। भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड इस सरकार ने तोड़ दिए हैं। इतना भ्रष्टाचार मैंने कभी देखा-सुना नहीं है। हर जगह रिश्वत चल रही है। भाजपा की सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है।" शिवपाल ने कहा, "माहौल बनना शुरू हो गया है। इतना उत्पीड़न तो कभी नहीं हुआ है। हम भी सरकार में रहे हैं। हमने भी विपक्ष का हमेशा सम्मान किया है। भारतीय जनता पार्टी खूब गुंडई करती है। किसी का भी घर गिरा देते हैं। ठोंक दो किसी को, ये क्या है? उपचुनाव में मुस्लिम दरोगाओं को छुट्‌टी दे दी गई। ये क्या बात हुई। ये तो विपक्ष को एकदम खत्म करना चाहते हैं। जहां भी सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर उत्पीड़न होगा, हम बर्दाश्त नहीं करेंगे।"

आजीवन सपा में ही रहेंगे, पद का मोह नहीं

सपा में पद के सवाल पर शिवपाल ने कहा, "हमारे लिए पद मायने नहीं रखता। जनता का विश्वास बड़ी बात है। कोई ऐसा पद बचा नहीं, जिस पर मैं नहीं रहा। हम आजीवन सपा में ही रहेंगे। सपा को ही मजबूत बनाना हमारा लक्ष्य है। अखिलेश विपक्ष के अच्छे नेता हैं।"

बुलडोजर के सवाल पर शिवपाल ने कहा, "अगर कोई जुर्म करता है तो उसके ऊपर लीगल कड़ी कार्रवाई हो। बुलडोजर से घर गिराकर उनके बच्चों को क्यों दंड दिया जाता है। सुरक्षा घटाए जाने पर कहा कि हमारी सुरक्षा जनता कर रही है। क्या नेता प्रतिपक्ष बनाए जा सकते हैं? इस सवाल पर शिवपाल ने कहा कि हमारे लिए पद अहमियत नहीं रखता। आजीवन संघर्ष करता रहूंगा। जीवन में बड़े से बड़े पद पर रहे।

प्रयागराज में ही बोले थे, कभी नहीं जाऊंगा सपा में

अभी तीन माह पहले 10 सितंबर को भी शिवपाल सिंह यादव प्रयागराज आए थे। यहां ममफोर्डगंज स्थित पूर्व मंत्री लल्लन राय के आवास पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की थी। जिसमें उन्होंने सपा और अखिलेश यादव के खिलाफ बयान दिया था। शिवपाल ने कहा था कि वह सपा से बहुत धोखा खा चुके हैं, इसलिए सपा में वह कभी जा नहीं सकते हैं। बीते दिनों ही शिवपाल ने प्रगतिशील समाजवादी पार्टी का विलय सपा में करते हुए खुद सपा में शामिल हो गए। अब वह अखिलेश की तारीफ कर रहे हैं।

2024 के चुनाव के लिए जुट जाएं कार्यकर्ता : शिवपाल

शिवपाल सिंह सोमवार को ही प्रयागराज पहुंच गए थे। यहां सपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका स्वागत किया। नैनी स्थित एग्रीकल्चर विश्वविद्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बोले, आज महंगाई और भ्रष्टाचार से जनता परेशान है। जनता अब प्रदेश और केंद्र की सरकार में बदलाव चाहती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को 2024 के लोकसभा चुनाव में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। आज मंगलवार को शिवपाल सिंह यादव हथिगन कर्मा में आयोजित क्रिस्टी मेमोरियल स्कूल एंड कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा भी लेंगे।

'