Today Breaking News

टब में डूबकर तहसीलदार के 13 महीने के बेटे की मौत

गाजीपुर न्यूज़ टीम, प्रयागराज. प्रयागराज में सदर तहसील के तहसीलदार राम प्रसाद त्रिपाठी के परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा। उनका 13 महीने के बेटे की सरकारी आवास के बाथरूम में टब में डूबने से मौत हो गई। घटना से हर कोई स्तब्ध है। घटना की जानकारी परिजनों को तब हुई, जब बच्चा काफी देर तक नहीं दिखा। 

मासूम की तलाश में मां और बहन परेशान रहे। बाथरूम का दरवाजा खोला तो टब में मासूम पड़ा था। सरकारी काम में व्यस्त पिता को फोन पर घटना की जानकारी दी गई, तो वह भागते हुए घर पहुंचे। घंटों बच्चे का शव कलेजे से लगाए माता-पिता की आंखों से आंसू बहते रहे।

सदर तहसील के तहसीलदार राम प्रसाद त्रिपाठी का आवास शंकरघाट स्थित सरकारी कॉलेनी में है। अधिकारी यहां अपनी पत्नी, सात वर्षीय बेटी और 13 महीने के बेटे के साथ रहते थे। शुक्रवार शाम तक घर में सबकुछ ठीक था। शाम को बच्चा खेलता हुआ कमरे से निकला तो मां ने सोचा खेल रहा होगा।

काफी देर तक जब कोई आहट न हुई तो मां ने उसे ढूंढना शुरू किया। बाथरूम का दरवाजा खोला तो उनकी चीख निकल गई। टब में मासूम का शव था। बदहवास मां को कुछ समझ नहीं आया। इसी बीच लोगों ने तहसीलदार को फोन किया तो वह भागकर घर पहुंचे। 

हर कोई स्तब्ध, किसी के मुंह से नहीं फूटे शब्द

शाम को जैसे ही घटना की जानकारी हुई अधिकारी और कर्मचारी तहसीलदार के आवास वा पहुंचने लगे। शनिवार सुबह कलक्ट्रेट हो या विकास भवन और तहसील कार्यालय हर जुबां पर यही घटना थी। सैदाबाद हादसे के घायलों का हाल जानने जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री एसआरएन पहुंचे तो भी सहकर्मियों से इसी घटना के बारे में बात कर रहे थे। कलक्ट्रेट मिनिस्ट्रिरियल संघ के अध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव नाजिर कार्यालय में बैठकर साथियों से इसी घटना पर दुख व्यक्त कर रहे थे। तहसील कार्यालय में तो हर चेहरा बुझा लग रहा था।

'