Today Breaking News

नाराज जीजा ने दांत से काट ली साले की नाक, पेशे से अध्यापक है आरोपी

गाजीपुर न्यूज़ टीम, मऊ. मऊ जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपने साले की नाक दांतों से काट ली। दहेज को लेकर हुए विवाद में हुई इस घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। घायल युवक वहीं बेहोश होकर गिर पड़ा, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। इधर, मौका पाकर आरोपी युवक भाग निकला। हालांकि, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक, बुलाकीपुरा निवासी जावेद अहमद पेशे से इंटर कालेज का अध्यापक है। तीन वर्ष पूर्व उसकी शादी दक्षिण टोला के खीरी बाग निवासी नूजहत परवीन के साथ हुई थी। शादी के बाद से दहेज की मांग को लेकर वह पत्नी को प्रताड़ित करता था। कई दौर की पहल के बाद दोनों पक्ष में सुलह हुई थी। इसी बीच नूजहत ने एक वर्ष पहले बेटी का जन्म दिया। 

पिछले दिनों किसी बात को लेकर दोबारा विवाद होने पर जावेद अहमद ने पत्नी नूजहत को घर से बाहर निकाल दिया था। साेमवार की शाम को बहन की तबीयत खराब होने पर भाई नदीम उसे चिकित्सक के पास परामर्श लेने गया था। वहीं पर जीजा जावेद भी पहले से मौजूद था। 

दोनों को देखने के बाद वह आग बबूला हो गया और साले को गाली देने के साथ हाथापाई करने लगा। कहासुनी के बीच जीजा ने अचानक नदीम की नाक को अपने दातों से काट लिया। खून से लथपथ नदीम वहीं पर बेहोश होकर गिर गया। घटना के बाद जावेद वहां से भाग गया। कुछ देर बाद पहुंचे स्वजन ने नदीम को अस्पताल में भर्ती काराया। उसको सात टांके लगाए गए हैं।

इन्होंने बताया…

कोतवाली प्रभारी अब्दुल वाहिद ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद को लेकर कहासुनी के दौरान घटना हुई। पीड़ित की तहरीर मिली है। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

'