Today Breaking News

गाजीपुर में भाजपा सरकार के खिलाफ भाकपा ने दिया धरना

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. आरक्षण बचाओ, रोजगार बचाओ, महंगाई हटाओ, भाजपा सरकार हटाओ का नारा लगाते हुए जिला मुख्यालय स्थित सरजू पाण्डेय पार्क में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने धरना दिया। धरना को सम्बोधित करते हुए पार्टी के राज्य कार्यकारिणी सदस्य अमेरिका सिंह यादव ने कहा कि वर्तमान सरकार संविधान की कल्याणकारी राज्य की अवधारणा को समाप्त करने पर तुली हुई है।

संविधान में सामाजिक, आर्थिक रूप से विकास में पीछे रह गए लोगों को आगे बढ़ाने हेतु आरक्षण करने, आर्थिक असमानता कम करने का प्रावधान है। परन्तु यह सरकार अपनी अघोषित नीतियों के तहत उक्त प्रावधानों को ख़त्म करना चाहती है। इसका सबूत स्थानीय निकाय चुनाव में जानकारी होने के बावजूद भी मनमाने ढंग से सीटें आरक्षित कि गई।

महंगाई ने लोगों की तोड़ दी कमर

कहा कि इसी प्रकार सर्वजनिक प्रतिष्ठानों का निजीकरण करके रोजगार के अवसर को भी समाप्त करते जा रहें है। युवाओं का भविष्य अंधकार की ओर जा रहा है। महंगाई ने लोगों की कमर तोड़ दी है। जो सरकार जानता की समस्याओं को हल न कर सके, उसको सत्ता में रहने का हक नहीं है।

मजदूर तबाह और बर्बाद

किसान सभा के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र यादव ने कहा कि सरकार में बने रहने के लिए भाजपा सरकार जातीय और विभाजनकारी नीतियों का अनुसरण कर रही है। किसान मजदूर तबाह और बर्बाद हो रहा है। जिला सचिव जनार्दन राम ने जनविरोधी नीतिओं की आलोचना करते हुए कहा कि संविधान, आरक्षण, राष्ट्र बचाने हेतु भाजपा सरकार को हटाना होगा। इसके लिए लगातार संघर्ष चलाना होगा।

ये लोग रहे मौजूद

धरना को सहसचिव ईश्वरलाल, रामावध, डॉक्टर रामबदन सिंह, श्यामा प्रसाद, ओमप्रकाश गुप्ता, बटोर गुप्ता, रामजन्म, रामकेर यादव, अंगद यादव, चतुरी बिंद, मनीराम आदि ने सम्बोधित किया।अंत में राष्ट्रपति को सम्बोधित मांग पत्र जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा गया।

 
 '