Today Breaking News

नेपाल प्लेन क्रैश में गाजीपुर के 4 युवकों की मौत, 3 दिन पहले घूमने गए थे

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. नेपाल के पोखरा में रविवार को विमान हादसे में 68 लोगों की मौत हो गई। इनमें पांच भारतीय भी थे। हालांकि 4 भारतीयों के मौत की ही पुष्टि हुई है। चारों उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के हैं। 5वां यात्री भी यूपी का ही है, लेकिन वो किस जिले से है यह पता नहीं चल सका है। उसके मौत की भी पुष्टि नहीं हुई है। विमान में कुल 72 लोग सवार थे, इनमें 4 क्रू मेंबर्स भी थे।

अब इस हादसे से चंद सेकेंड पहले का एक वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि गाजीपुर के एक युवक ने प्लेन के लैंड होने से ठीक पहले ये वीडियो अपने फेसबुक लाइव पर शेयर किया था। यह वीडियो उसी लड़के के परिवार के लोगों ने मीडिया को उपलब्ध कराया है। ये सभी तीन दिन पहले नेपाल घूमने गए थे। डीएम गाजीपुर आर्यका अखौरी ने बताया कि नेपाल प्लेन हादसे में मरने वाले चारों युवक गाजीपुर के थे और दोस्त थे।

अब जान लेते हैं क्या है वीडियो में...

गाजीपुर के सोनू जायसवाल हादसे के वक्त फेसबुक पर लाइव थे। वीडियो में देखा जा सकता है कि सोनू पहले खुद को और बाद में विमान में बैठे बाकी यात्रियों को दिखाता है। प्लेन में अब तक सब कुछ ठीक था। कुछ ही देर में अचानक मरा-मरा-मरा की आवाज आने लगती है। पूरे विमान में चीख-पुकार मच जाती है और कुछ ही देर में वीडियो धुंधला हो जाता है। यानी तब हादसा हो चुका था।

सोनू जायसवाल

पांचों युवक उत्तर प्रदेश के

पांचों युवक उत्तर प्रदेश के थे। इनमें सोनू जायसवाल, अभिषेक कुशवाहा, अनिल कुमार राजभर और विशाल शर्मा यूपी के गाजीपुर के हैं। जबकि 5वें संजय जायसवाल भी यूपी के ही हैं, लेकिन कहां के हैं, यह पता नहीं लग सका है।

नेपाल घूमने गए थे चारों दोस्त

सोनू जायसवाल गाजीपुर के कासिमाबाद के रहने वाले थे। वह 4 दोस्तों के साथ नेपाल घूमने गए थे। उनके चचेरे भाई रजत जायसवाल ने दैनिक भास्कर को यह वीडियो देते हुए बताया कि हम लोगों को तो पहले घटना के बारे में पता ही नहीं था। बाद में टीवी पर देखा तो जानकारी मिली। जब भाई को फोन किया, तो उनका फोन बंद आ रहा था। इसके बाद भाई की फेसबुक से यह वीडियो मिला है। हम लोगों ने वहीं से निकालकर इसे सेव किया है।

बता दें कि हादसे में मरने वाले अनिल राजभर (28) जहूराबाद में जनसेवा केंद्र चलाते थे। विशाल शर्मा (23) TVS एजेंसी में फाइनेंस का काम करते थे। अभिषेक सिंह कुशवाहा (23) अलावलपुर में जनसेवा केंद्र चलाते थे। सोनू जायसवाल (28) शराब का ठेका चलते थे।

सोनू जायसवाल के पिता रविन्द्र प्रसाद जायसवाल ने फोन पर बताया कि बेटा 2 साल पहले वाराणसी के सारनाथ में मकान बनवाया था। अपनी पत्नी और बेटे के साथ वहीं रहता था। गाजीपुर में कपड़े की दुकान भी थी। गाजीपुर से सारनाथ उसका रोजाना आना जाना था। घटना जानकारी होने के बाद मैं उसकी पत्नी और बच्चे को सारनाथ से गाजीपुर लेकर आ गया। अब सारनाथ वाले घर पर कोई नहीं है। सोनू की शादी 2016 में हुई थी।

पिता ने बताया, घूमने जाने से पहले सोनू अपने बेटे का मुंडन करवाने बालाजी गया हुआ था। इसके बाद वो दोस्तों के साथ घूमने के लिए नेपाल चला गया। सोनू के 2 बेटियां भी हैं। उसकी पत्नी का नाम रागिनी है।

विमान में 5 भारतीय समेत 14 विदेशी नागरिक थे

विमान को कैप्टन कमल केसी उड़ा रहे थे। 68 यात्रियों में से 53 नेपाली, 5 भारतीय, 4 रूसी, एक आयरिश, दो कोरियन, एक अफगानी और एक फ्रेंच नागरिक थे। इनमें 3 नवजात और 3 लड़के भी शामिल हैं। एयरलांइस के प्रवक्ता सुदर्शन बरतौला ने कहा कि विमान के मलबे से अभी तक किसी जीवित व्यक्ति को नहीं निकाला जा सका है।

नेपाल विमान हादसे से जुड़ी ये खबरें भी पढ़िए...

नेपाल में विमान हादसा, 42 की मौत:लैंडिंग से 10 सेकेंड पहले आग लगी, पहाड़ी से टकराकर खाई में गिरा; 5 भारतीय समेत 68 यात्री थे

यति एयरलाइंस के प्लेन ATR-72 में 5 भारतीय समेत 68 यात्री और 4 क्रू मेंबर सवार थे। नेपाल के स्थानीय मीडिया के मुताबिक, अब तक 42 लोगों के शव निकाल लिए गए हैं। सरकार ने मौतों का आंकड़ा 29 बताया है। चश्मदीदों का कहना है कि हादसे में कोई भी नहीं बचा।

नेपाल में 72 यात्रियों को लेकर जा रहा यति एयरलाइंस का ATR 72-500 विमान रविवार को क्रैश हो गया है। पिछले 30 सालों में नेपाल में यह 28वां विमान हादसा है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र, खराब मौसम, पुराने विमान और अनुभवहीन पायलट नेपाल को उड़ानों के लिए सबसे खतरनाक देश बनाते हैं।

'