Today Breaking News

गाजीपुर में सदर विधायक बोले- खतरे में अभिव्यक्ति की आजादी, भाजपा सरकार तानाशाह

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में समाजवादी पार्टी द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम की तैयारी पर विस्तृत रूप से चर्चा की गई। इस बैठक में कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में शामिल होकर इस कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई। सदर विधायक जय किशन साहू ने इस कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि देश गंभीर संकट के दौर से गुजर रहा है।

देश का संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। लोकतंत्र, संविधान और इस देश के धर्मनिरपेक्ष स्वरूप की रक्षा के लिए संघर्ष करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की आजादी खतरे में है। सरकार के खिलाफ बोलने वाले विरोधी दलों के नेताओं को जेलों में डाला जा रहा है।

कहा- लोकतंत्र की रक्षा के लिए अदा करेंगे कीमत
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह से तानाशाही पर उतर आई है। पूरा देश भाजपा सरकार की तानाशाही नीतियों के चलते दहशत में है। भाजपा सरकार का बुलडोजर लोकतंत्र को कुचल रहा है। समाजवादी पार्टी ने हमेशा लोकतंत्र की रक्षा की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के दुश्मनों को सत्ता से बेदखल करने की जरूरत है। लोकतंत्र की रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी हर कीमत अदा करने को तैयार है।

बोले- दलितों और पिछड़ों का बढ़ा उत्पीड़न
जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने कहा कि आज दलितों और पिछड़ों का उत्पीड़न बढ़ा है। भाजपा सरकार पिछड़ों का हितैषी होने का झूठा ढोंग रच रही है। भाजपा ने हमेशा पिछड़ों के हक पर डाका डालने का काम किया है। भाजपा सरकार को सामाजिक न्याय का दुश्मन बताते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने गरीबों, पिछड़ों और दलितों के हित में हमेशा संघर्ष किया है और करती रहेगी। समाजवादी पार्टी पिछड़ों और दलितों के साथ अन्याय नहीं होने देगी। इस बैठक में मुख्य रूप से जय हिन्द यादव, गोवर्धन यादव, तहसीन अहमद, भानू यादव, राजेन्द्र यादव, कमलेश यादव, निजामुद्दीन खां, अमित कुमार ठाकुर, अरुण कुमार श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।
'