Today Breaking News

ग़ाज़ीपुर युवक की गला काटकर हत्या, कमरे में खून से लथपथ मिला शव

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे को लेकर एक युवक की हत्या कर दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मृतक की पत्नी ने अपने ही ससुर और जेठ पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

सेवराई तहसील क्षेत्र के दिलदारनगर गांव निवासी अमजद खान (32) पुत्र हाजी ऐनुद्दीन खान रमजान में रोजा रख रहा था। रोजाना की तरह शनिवार को भी सुबह करीब 4 बजे सहरी के वक्त उठा था। तभी घर के एक कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में चाकू से गला काटने पर उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। पति की हत्या के बाद पत्नी दहाड़े मार-मारकर रो रही थी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित अन्य विधिक कार्रवाई में जुट गई।

मृतक की पत्नी शहनाज अख्तर (30) ने अपने ही ससुर और जेठ पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। बताया कि पारिवारिक संपत्ति बंटवारे को लेकर मेरे पति व परिवार के अन्य लोगों के बीच विवाद चल रहा था। जिसमें जेठ आए दिन मेरे पति को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। शनिवार की सुबह सहरी के वक्त उनकी कमरे में चाकू से गर्दन काट कर हत्या कर दी गई।

पति की मौत के बाद मृतक की पत्नी दहाड़े मार कर रो रही थी। मृतक की दो पुत्रियां और एक पुत्र है। दिलदारनगर थाना अध्यक्ष अशेष नाथ सिंह ने बताया कि मामले में मृतक की पत्नी शहनाज अख्तर की तहरीर के आधार पर ससुर और जेठ के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

'