Today Breaking News

ग़ाज़ीपुर में कासिमाबाद तहसील के SDM का सरकारी आवास में शव मिला

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में कासिमाबाद तहसील के SDM वीर बहादुर यादव का मंगलवार को सरकारी आवास में शव मिला है। बॉडी कमरे में बेड पर पड़ी हुई थी। सुबह SDM जब काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आए, तो उनके अर्दली ने कमरे का दरवाजा खटखटाया। कोई जवाब नहीं मिला तो वह घबरा गया। तुरंत ऑफिस के सीनियर अफसरों को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर अफसर पहुंच गए।

सीनियर अफसरों ने कमरे की खिड़की का दरवाजा किसी तरह से खोला। अंदर देखा तो बेड पर वह अचेत हालत में पड़े थे। इसके बाद कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। तुरंत डॉक्टर को मौके पर बुलाया।

डॉक्टर ने जांच करने के बाद SDM को मृत घोषित कर दिया। करीब 6 घंटे चली जांच पड़ताल के बाद एसडीएम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उनकी पत्नी और बच्चे मौके पर मौजूद हैं। वहीं डीएम पोस्टमॉर्टम के बाद मौत का कारण साफ होने की बात कह रही हैं।

SDM की मौत की सूचना मिलते ही DM, SSP मौके पर पहुंच गए। डीएम ने SDM आवास का गेट बंद कर दिया है। पुलिस कमरे की जांच कर रही है। SDM की उम्र 45 साल बताई जा रही है। वह कल रात तक पूरी तरह ठीक थे। उनको कोई दिक्कत नहीं थी। ऐसे में क्या हुआ। यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।

3 दिन पहले परिवार मिलकर गया था

बताया जा रहा है कि 3 दिन पहले ही SDM के परिवार के लोग उनसे मिलकर गए थे। SDM मूल रूप से जौनपुर के रहने वाले हैं। उनका परिवार लखनऊ में रहता है। वह अकेले ही कासिमाबाद तहसील में सरकारी आवास में रहते थे। सोमवार रात भी वह घर में अकेले ही थे। बाहर स्टाफ ड्यूटी पर था।

रात में डीएम से मीटिंग, फिर 11 बजे खाना खाया

एसडीएम के अर्दली के मुताबिक, रात में 9 बजे बहादुरगंज नगर पंचायत क्षेत्र में निकाय चुनाव को लेकर फ्लैग मार्च किया था। रात 11 बजे उन्होंने डीएम के साथ वर्चुअल मीटिंग की। इसके बाद रात साढ़े 11 बजे खाना खाया। कुछ देर टहलने के बाद वो कमरे में सोने चले गए थे। सुबह कमरे से उनका शव मिला। उनकी तबीयत बिल्कुल ठीक लग रही थी।

2 महीने पहले मनाया था बेटी का बर्थडे

SDM वीर बहादुर यादव का परिवार लखनऊ गोमती नगर में रहता है। उनके एक बेटा और एक बेटी है। बताया जा रहा है कि उन्होंने 2 महीने पहले ही बेटी का बर्थडे अपने सरकारी आवास पर मनाया था। बेटा लखनऊ के प्राइवेट कॉलेज से बीए की पढ़ाई कर रहा है। वीर बहादुर यादव 2015 बैच के पीसीएस अधिकारी थे। उन्होंने इलाहाबाद और लखनऊ से अपनी पढ़ाई पूरी की है।

घटना की जानकारी मिलते ही गाजीपुर DM आयिका अखौरी, SP ओमवीर सिंह समेत जिले के सभी अफसर कासिमाबाद SDM आवास पर पहुंच गए। फिलहाल, इस मामले में अब अभी पुलिस ने कोई जानकारी नहीं दी है। पुलिस के सभी सीनियर अफसर मौेक पर हैं। मौत की वजह क्या है? यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने भी जांच के बाद ही इस मामले में कुछ जानकारी देने की बात कही है।

'