Today Breaking News

उत्तर प्रदेश में बारिश-आंधी का अलर्ट, जानिए आज कैसे रहेगा मौसम

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश में इस बार मई का महीना भीषण गर्मी नहीं, बल्कि ठंडी हवा की राहत लेकर आ रहा है। मौसम विभाग प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश, तेज हवा और बिजली गिरने की संभावना जता चुका है। साथ ही प्रदेश के 60 जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। इसमें लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, नोए़डा, गाजियाबाद समेत अन्य जिले भी शामिल हैं। रविवार को न्यनतम तापमान 22 डिग्री और अधिकतम 28 डिग्री रहने का अनुमान है।

मौसम ने फिर करवट ले ली है। ऐसे में शहर में शनिवार सुबह से तेज धूप रही, लेकिन दोपहर बाद आसमान को बादलों ने घेर लिया। यूं लगा कि भरी दोपहर में ही शाम ढल गई हो। बादलों की आवाजाही के बीच अधिकतम तापमान में भी एक डिग्री की गिरावट आई। इस बीच मौसम विज्ञानियों ने भी शहर में चार मई तक बदली-बारिश के आसार जताए हैं। शहर में शनिवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री रहा, जबकि शुक्रवार को यह 35.8 डिग्री सेल्सियस था। 

वहीं, न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री की आंशिक गिरावट के साथ 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आंचलिक मौसम विभाग केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि पूर्वानुमान रिपोर्ट के अनुसार तीन मई तक शहर में अधिकांश समय घने बादल छाए रहेंगे। इस दौरान धूल भरी तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है। इसके बाद चार मई को भी आंशिक बादलों के साथ बारिश के आसार हैं, हालांकि पांच मई से बादल छंटने के साथ मौसम साफ होगा।

बारिश के आसार, 3 डिग्री तक गिरेगा पारा
नोएडा में तेज गर्मी के बीच शनिवार को पूरे दिन बादल छाए रहे। इससे लोगों को कुछ हद तक राहत मिली। वहीं शनिवार को अधिकतम 33.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पूर्वानुमान के अनुसार 4 मई तक शहर में बारिश होगी। वहीं रविवार से आंधी-पानी के साथ पारे में 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज होने के आसार हैं।
गर्मियां शुरू होते ही लोगों ने हिल स्टेशन पर जाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। लेकिन इस पूरे सप्ताह शहरवासियों को हिल स्टेशन के प्लान की तैयारी में जल्दबाजी नहीं करनी पड़ेगी। शनिवार को पूरे दिन बादल छाए रहने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। दिन में बीच-बीच में कई बार बूंदा-बांदी हुई, जिससे मौसम काफी सुहावना हो गया।

शनिवार को न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री दर्ज किया गया। जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। वहीं अधिकतम तापमान 33.1 रहा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शहर में एक सप्ताह तक लगातार बारिश होगी। रविवार से आंधी-पानी के साथ पारे में 3 डिग्री तक की गिरावट होगी। इसके अलावा 4 मई तक आंधी पानी के साथ बारिश होगी। जिससे मौसम में काफी ठंडक होगी। हालांकि इस सप्ताह के बाद पूर्वानुमान के अनुसार 5 मई को अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक होगा।
'