Today Breaking News

गाजीपुर में बारिश से उफान पर नदियां, बढ़ा गंगा का जलस्तर; अलर्ट जारी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. Ghazipur flood news update: उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश हो रही है। मानसून के दस्तक के साथ ही बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। गाजीपुर में भारी बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है। तालाब भर गए हैं और खेतों में पानी भर गया है। इस बारिश से लोगों को परेशानी भी हो रही है।

लगातार हो रही बारिश का असर अब गंगा नदी के जल स्तर पर दिखाई देने लगा है। बीते 48 घंटों में गंगा का जलस्तर तेजी के साथ ऊपर आया है। लगातार बारिश की वजह से 2 दिनों के भीतर ही गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी देखी गई है।

गंगा के जलस्तर पर है नजर

गंगा किनारे रहने वाले नाविक, मल्लाह, मछुआरों और धोबियों ने गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। नाविक और मल्लाह रात भर गंगा के जलस्तर पर नजर रखते हैं। किनारों पर खड़े नाव की स्थिति को लगातार बढ़ते जलस्तर के साथ बदल रहे हैं। गंगा गोमती नदियों के किनारे दलहन तिलहन और सब्जियों की खेती करने वाले किसान अपने फसलों को सुरक्षित करने में दिन रात लग गए है।

पटना के नाविक पदुम निषाद ने बताया कि गंगा में पानी की तेज धाराओं के साथ कीचड़ और जलकुंभी की लहरें भी तैर रहीं है। पानी की तेज धार किनारों पर मिट्टी के घाट को काटकर अपने लिए जगह बनाने पर आमादा है। गंगा गोमती नदियों के किनारों पर धोबियों के पत्थर को सुबह शाम पानी से बाहर निकालना पड़ रहा है।

लोगों को मुहैया कराए गए सुरक्षा उपकरण

गंगा प्रहरी रविकांत निषाद ने बताया कि सैदपुर प्रशासन ने बाढ़ को देखते हुए चयनित नाविकों को लाइफ जैकेट और नदियों में प्रयुक्त सुरक्षा उपकरण मुहैया करा दिया है। हमलोग लगातार नदी की धाराओं पर निगाह बनाये हुए है। गंगा के बढ़ते जलस्तर के चलते कोई अनहोनी न हो, इसलिए लोगों को अलर्ट कर दिया गया है।

'