Today Breaking News

सैदपुर कैनाल पंप के नहर की दीवार टूटी, गांव में घुसा पानी, बाढ़ जैसे बने हालात - Saidpur News

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर देवकली पंप नहर कैनाल की मुख्य शाखा की दीवार शनिवार को धरम्मरपुर गांव के पास टूट गई। जिससे लाखों क्यूसेक पानी धरम्मरपुर बंतरिया आदि गांव में बहने लगा। देखते ही देखते गांव जलमग्न होने लगे। ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर बाद ग्राम प्रधान की सूचना पर देवकली पंप नहर कैनाल को बंद कराया गया। इसके बाद शनिवार की शाम तक नहर का पानी गांव के पास स्थित गांगी नदी में जाता रहा। जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

घटना यह है कि सैदपुर (Saidpur News) के धरम्मरपुर गांव के पास से सैदपुर नगर में गंगा किनारे स्थित देवकली पंप नहर कैनाल की मुख्य शाखा गुजरती है। जिसकी चौड़ाई लगभग 70 फीट है। इसमें 7 फुट ऊंचे भराव के साथ पानी गुजरता है। इसे कुछ दिनों पूर्व धान की रोपाई आदि के लिए चलाया गया था।

बीती रात नहर के सातों पंपों को पूरी क्षमता से चालू किया गया। शनिवार की भोर में धरम्मरपुर गांव के पास तेज आवाज के साथ नहर की दीवार का 30 फुट चौड़ा हिस्सा टूट गया। यहां से तेज आवाज के साथ नहर का पानी गांव में घुसने लगा।

गांव में घुसा लाखों क्यूसेक पानी, बाढ़ जैसे बन गए हालात

देखते ही देखते गांव में बाढ़ जैसे हालात बन गए। आसपास के गांव में हड़कंप मच गया। पानी लोगों के घरों और पशु आश्रालयों में घुसने लगा। ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई रात के समय ही ग्रामीण कम ऊंचाई वाले घरों का सामान निकालने लगे। पशुओं को सुरक्षित ऊचे स्थान पर बांधा जाने लगा।

कुछ देर बाद पता चलने पर गांव के प्रधान सुभाष यादव ने इसकी सूचना तत्काल कैनाल पंप के ऑपरेटरों को दिया। जिसके बाद पंप कैनाल को बंद कर दिया गया। उधर गांव से होते हुए नहर का लाखों क्यूसेक पानी पास स्थित गांगी नदी में गिरने लगा।

बीते वर्ष की टूट को सही से मरम्मत नहीं करने के कारण हुआ हादसा

शनिवार की शाम तक मीलों लंबी नहर का पानी, झरने जैसी तेज आवाज के साथ गांव में जाता रहा। ज्यादातर खेत खाली होने के कारण, किसानों को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। लेकिन इससे सब्जी की फसल बोने वाले कुछ किसानों को नुकसान उठाना पड़ा है।

पानी भरने से कुछ ग्रामीणों के अनाज और पशुओं के चारे का भूसा इसमें डूब गया। ग्रामीणों ने बताया कि बीते वर्ष वहीं पर नहर में छोटा सा छेद हुआ था। जिसे नहर विभाग ने अच्छी तरह से बंद नहीं किया। इसी वजह से पानी रिसते-रिसते आज नहर का बड़ा हिस्सा टूट गया।

जेई ने कहा दो-चार दिनों में दुरुस्त हो जाएगी नहर

नहर में पानी कम होने पर शनिवार की शाम को नहर विभाग के जेई एसके गुप्ता के नेतृत्व में जेसीबी से नहर के टूटे हुए हिस्से में मिट्टी भरने का काम शुरू कराया गया। जेई ने बताया कि अगले दो-चार दिनों में नहर के टूटे हुए हिस्से की मरम्मत कर दी जाएगी।

'