Today Breaking News

मऊ के कोर्ट में मुख्तार-अब्बास की पेशी आज, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगी सुनवाई

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, मऊ. मऊ के MP/MLA कोर्ट में बुधवार यानी आज माफिया मुख्तार अंसारी और उसके विधायक बेटे अब्बास अंसारी की अलग-अलग मामले में पेशी होनी है। बांदा जेल में बंद मुख्तार और कासगंज जेल में बंद अब्बास के मामले की सुनवाई वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए होगी। सुबह से मऊ कोर्ट पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। दोपहर 12 से 1 बजे के बीच में MP/MLA की विशेष अदालत मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्वेता चौधरी की अदालत में हियरिंग होगी। दोनों पर अलग अलग मामले दर्ज हैं।

विधायक अब्बास अंसारी के ऊपर दर्ज आचार संहिता उल्लंघन का मामला

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान सदर विधानसभा से सुभासपा प्रत्याशी अब्बास अंसारी के खिलाफ विजय जुलूस निकालकर आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप है। इस मामले में विधायक अब्बास अंसारी व अन्य के खिलाफ थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज है। दरअसल, आचार संहिता केस में आरोप है कि सुभासपा प्रत्याशी अब्बास अंसारी ने 27 फरवरी 2022 को बिना अनुमति के रोड-शो का आयोजन किया था। इस मामले में दोनों भाइयों को आरोपी बनाया गया है।

माफिया मुख्तार अंसारी पर अवैध असलहा लाइसेंस संस्तुति का मामला

माफिया मुख्तार अंसारी ने सदर विधानसभा से विधायक रहते हुए अपने लेटर पैड पर 6 लोगों को शस्त्र लाइसेंस के लिए संस्तुति की थी। बाद में जांच के दौरान सभी के पते फर्जी पाए गए। इस मामले की FIR दक्षिण टोला थाने में दर्ज कराई गई थी। असलहा लाइसेंस की अवैध संस्तुति के मामले में पुलिस ने गैंग्स्टर एक्ट में एक और मुकदमा दर्ज किया था। ये केस नगर के थाना दक्षिण टोला में दर्ज है।

'