Today Breaking News

उत्तर प्रदेश के 37 जिलों में बारिश का अलर्ट, होगी भारी बारिश

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जहां बारिश का दौर जारी है। वहीं पूर्वी यूपी में कई दिनों बाद मौसम विभाग ने 7 जिलों के लिए शनिवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, प्रदेश के 30 जिलों में हल्की बारिश के आसार जताए गए हैं। चेतावनी जारी हुई है कि इन जिलों में बिजली गिर सकती है। पूर्वी यूपी में अब 31 जुलाई तक बारिश होने का अनुमान है।

इससे पहले शुक्रवार को मथुरा, बुलंदशहर, गाजियाबाद, लखनऊ और अलीगढ़ में तेज बारिश हुई। मथुरा में 1 घंटे की तेज बरसात में सड़कों पर कमर तक पानी भर गया। पुलिस की जीप फंस गई। बाइकें पूरी डूब गईं। अलीगढ़ से भी कुछ ऐसी ही तस्वीरें सामने आईं। जगह-जगह जलभराव हो गया।

यह तस्वीर मथुरा के नए रोडवेज बस स्टैंड के पास की है।

इन 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट: चंदौली, चित्रकूट, मिर्जापुर, प्रयागराज, संत रविदास नगर, सोनभद्र और वाराणसी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

इन 30 जिलों में मध्यम बारिश का अलर्ट: अमरोहा, बदायूं, बागपत, बहराइच, बलिया, बांदा, बरेली, बिजनौर, फतेहपुर, गाजियाबाद, गाजीपुर, हमीरपुर, हापुड़, जालौन, जौनपुर, झांसी, कौशांबी, लखीमपुर, ललितपुर, महोबा, मऊ, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, प्रतापगढ़, रामपुर, सहारनपुर, संभल, शामली में मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है।

सबसे पहले शुक्रवार शाम हुई बारिश की तस्वीरें देखिए...

अगस्त की शुरुआत बारिश के साथ होगी

सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, अगस्त की शुरुआत भी बारिश के साथ होने की उम्मीद है। मौजूदा समय में एक चक्रवाती परिसंचरण हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 1.5 से 3.1 किमी. ऊपर है। इसके अलावा एक मानसूनी सिस्टम समुद्र तल से 4.5 और 7.6 किलोमीटर के बीच 18 डिग्री उत्तर अक्षांश पर चल रहा है। ऊंचाई के साथ यह मानसूनी सिस्टम दक्षिण की ओर झुका हुआ है। इसी का इफेक्ट से एक बार फिर से यूपी में अच्छी बारिश का अनुमान है।

फिर से नदियों का बढ़ने लगा जलस्तर

इधर, पहाड़ी इलाकों में हो रही झमाझम बारिश के चलते नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है। नरौरा डैम से 1.44 लाख और हरिद्वार से 1.17 लाख क्यूसेक पानी कानपुर की तरफ छोड़ा गया। इससे गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ना शुरू हो गया है। कानपुर में गंगा चेतावनी बिंदु 113 मीटर से 72 सेमी ऊपर बह रही है।