Today Breaking News

महादेव का अवतार हूं, मुझे काटो कहकर सांप से खेलने लगा युवक, हाथ पर रखते ही डसा, मौत

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. यूपी के देवरिया में एक व्यक्ति को सांप से खेलना भारी पड़ गया। नशे में धुत युवक ने खुद को महादेव का अवतार बताकर सांप को कभी हाथ में तो कभी गले में लपेटा तो कभी जीभ पर रखकर डसने के लिए उकसाया। बीच-बीच में सांप पर हाथ से प्रहार भी किया। सांप से खेलने के का युवक ने वीडियो भी बनवाया। इसी बीच सांप ने युवक को डस लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। सांप के साथ खेलते युवक को वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।

अहिरौली गांव के नवका टोले निवासी रोहित जायसवाल (22) पुत्र राजेंद्र जायसवाल अपने छह भाइयों एवं एक बहन में सबसे छोटा था। उसकी शादी नहीं हुई थी। उसके माता-पिता सिलीगुड़ी में रहते हैं। अन्य भाई भी बाहर नौकरी करते हैं। रोहित खुद गांव पर रहकर मजदूरी करता था। अक्सर शराब भी पीता था। 

बताया जा रहा है कि शनिवार की रात शराब के नशे में उसने एक जहरीले सांप को पकड़ लिया और उसके साथ खेलने लगा। वह उस जहरीले सांप को कभी गले में लपेटता तो कभी हाथ से उसके उस पर प्रहार करता। कभी सांप का मुंह अपनी जीभ पर रखकर डसने के लिए कहता। खुद को महादेव का अवतार बताते हुए बार-बार सांप को डसने के लिए उकसाया। सांप को गाली भी देता रहा। 

युवक ने पूरी घटना का वीडियो भी बनवाया। उसी दौरान सांप के डसने से उसकी मौत हो गई। इस घटना का 4 मिनट 38 सेकंड का वीडियो वायरल हो रहा है। बताया गया कि उसने करैंत सांप पकड़ा था। इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि एक युवक ने सांप के साथ खेल कर जान गंवा दी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

'