Today Breaking News

उत्तर प्रदेश में मौसम का बदला-बदला मिजाज, जानिए क्या आज होगी बारिश

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. उत्तर प्रदेश में मौसम के लिहाज से सोमवार का दिन बेहद अहम है। सोमवार को प्रदेश में कई जगहों पर बारिश हो सकती है। इसके साथ ही अगले दो दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा रह सकता है। हालांकि 28 और 29 नवंबर को मौसम शुष्क रहने वाला है। वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो बरेली और कानपुर शहर में सबसे कम 9.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा है। जबकि मेरठ में 10.5℃, अयोध्या में 10.5℃, नजीबाबाद में 11.5℃ और मुजफ्फरनगर में 11.8℃ न्यूनतम तापमान रेकॉर्ड किया गया है।

मौसम विभाग की मानें तो 27 नवंबर को पश्चिमी यूपी के अलग-अलग स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछार पड़ने की संभावना है। इसी तरह पूर्वी यूपी में भी कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक 27 नवंबर से 28 नवंबर सुबह साढ़े 8 बजे तक एक दर्जन से ज्यादा जिलों में बारिश होने की संभावना है। सोमवार को बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा और हाथरस में बारिश और बौछार पड़ने की उम्मीद जताई गई है। इसके साथ ही आगरा, इटावा, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी और प्रयागराज में भी बारिश हो सकती है।

वहीं 28 नवम्बर को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्से में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके साथ ही सुबह के समय अलग-अलग स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा रहने की बात कही गई है। ऐसे ही 29 नवंबर को भी पश्चिमी यूपी के साथ साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रह सकता है। इस अवधि में भी सुबह के समय अलग अलग जगह पर मध्यम से ज्यादा घना कोहरा हो सकता है। जबकि 30 नवंबर और 1, 2 दिसंबर को मौसम में कोई बदलाव नहीं है तीनों ही दिन मौसम शुष्क रहने वाला है।
'