Today Breaking News

हाई कोर्ट से नहीं मिली राहत तो क्या करेंगे मुख्तार के बड़े भईया, ग़ाज़ीपुर में शुरू हुआ कयासों का दौर

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर से बहुजन समाज पार्टी सांसद और माफिया मुख्तार अंसारी के बड़े भाई अफजाल अंसारी की परेशानी कम नहीं हो पा रही है। गैंगेस्टर एक्ट में हुई सजा के बाद पूर्व बीएसपी सांसद अफजाल अंसारी को सुप्रीम कोर्ट से सशर्त राहत मिली है। इसके बाद उनकी संसद सदस्यता बहाल होने की बात कही जा रही है। हालांकि, इस केस में हाईकोर्ट से फैसला अभी आना बाकी है। अगर कोर्ट से फैसला अफजाल अंसारी के हक में नहीं आता है। इस स्थिति में वह 2024 के लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए अपात्र हो जाएंगे। ऐसे में अफजाल अंसारी किन- किन विकल्पों पर विचार कर सकते हैं। इसको लेकर कयासबाजियों का दौर शुरू हो गया है।

अफजाल अंसारी के भविष्य को लेकर चल रही कयासों पर राजनीतिक विश्लेषकों के अलग- अलग विचार हैं। कुछ लोगों का मानना है कि अफजाल अपने विकल्पों को लेकर आगे बढ़ सकते हैं। राजनीतिक विश्लेषक डॉ. शम्मी सिंह इस मामले को लेकर अगर राय रखते हैं। डॉ. शम्मी ने बताया कि लोवर कोर्ट से सजा होने के बाद यह बात चर्चा में थी कि अफजाल अंसारी अपनी बेटी नूरिया अंसारी को चुनाव लड़ा सकते है। नूरिया के बारे में बताया जाता है कि वह मनोचिकित्सक के रूप में दिल्ली में काम करती है। 2019 के चुनाव में भी वह अफजाल के चुनाव प्रबंधन से जुड़े काम देखा करती थी।

डॉ. शम्मी ने बताया कि 2007 के विधानसभा चुनाव में अफजाल के बड़े भाई सिबगतुल्लाह अंसारी चुनाव लड़े थे। उस समय अफजाल और मुख्तार दोनों जेल में थे। ऐसी सूरत में सिबगतुल्लाह अंसारी को चुनाव लड़ाया गया। इस बार भी हाई कोर्ट से अफजाल अंसारी को अगर उनके हक में निर्णय नहीं मिलता है तो वह अपने किसी परिजन को चुनाव लड़ा सकते है। हालांकि, अफजाल अंसारी को यह भी कहते सुना गया है कि 2024 के लोकसभा के चुनावों के साथ ही वह अपने राजनीतिक इनिंग को विराम देंगे। चर्चा यह भी थी कि लोकसभा चुनावों के पहले वह एसपी जॉइन कर लेंगे।

अफजाल के बड़े भाई सिबगतुल्लाह अंसारी ने अपने बेटे के साथ 2022 के लोकसभा चुनावों के पहले समाजवादी पार्टी को जॉइन कर लिया था। शम्मी के अनुसार यह सब बातें तब तक अटकलें ही है। अफजाल अंसारी के खिलाफ हाई कोर्ट के फैसले आने तक इस प्रकार के कयास लगाए जाते रहेंगे। कोर्ट के निर्णय से वास्तविक स्थिति साफ होगी
'