Today Breaking News

लड़की पक्ष ने तैयारियां पूरी कर ली थी...दुल्हन करती रही इंतजार... दूल्हा फरार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, आजमगढ़. आजमगढ़ जिले में शादी के दिन घरवाले बारातियों का इंतजार करते रहे, पर बारात नहीं आई। यह शादी एक वर्ष पहले तय हुई थी। शादी की सारी रश्में पूरी की जा चुकी थी। उसके बाद शादी के ऐन वक्त पर दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया। वहीं वधू पक्ष के लोगों ने शादी की सारी तैयारियां पूरी कर ली थी।

दुल्हन ने भी अपने हाथ में मेहंदी लगाकर दूल्हे का इंतजार करती रही, पर बारात न आने से वधू पक्ष के लोगों को काफी शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा। इस कारण यह बारात चर्चा का विषय बनी हुई है। इस मामले में दोनों पक्ष पंचायत करने में जुटे हैं। हालांकि अभी तक किसी मामले का कुछ समाधान नहीं हो पाया है।

जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के छितौनी खास गांव के प्रहलाद प्रजापति के बेटी नीतू की शादी महाराजगंज थाना क्षेत्र के ग्राम अवसानपुर गांव निवासी दुर्गेश प्रजापति पुत्र खेलावन प्रजापति के साथ पांच दिसंबर को तय थी। देर रात्रि लड़की के भाई सुनील प्रजापति के पास शादी की मध्यस्ता करने वाली पुष्पा का फोन आया कि दूल्हा सुबह से ही कहीं गायब हो गया है। लड़की के भाई सुनील प्रजापति ने बताया कि इसकी जानकारी प्राप्त होते ही दूल्हा दुर्गेश के घर फोन किया तो दुर्गेश के भाई तारकेश्वर ने फोन उठाया और बताया कि लड़का घर से गायब है। इसके साथ ही तारकेश्वर ने एक लाख रूपए खाते में भेजने को कहा। इस बात के लिए सुनील ने इंकार करते हुए कहा कि आप बारात लेकर हमारे दरवाजे पर आइए आपकी पूरी व्यवस्था होगी।

इस बारे में लड़की के भाई सुनील प्रजापति और पिता ने बताया कि हम लोगों ने शादी की पूरी तैयारियां कर ली थी। एक वर्ष पहले लड़के साथ बरिच्छा और सगाई का कार्यक्रम किया जा चुका है। टेंट से लेकर खाने-पीने की सारी तैयारियां पूरी करने के साथ दहेज में देने के लिए फर्नीचर और सामान भी खरीद लिया गया। जिसमें दो लाख से अधिक खर्च हुआ पर दहेज के लालची लोगों ने बारात नहीं लाई। वहीं शादी की तैयारी कर हाथों में मेंहदी लगाई दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस बारे में अतरौलिया थाने के प्रभारी ने बताया कि मामले की जानकारी सामने आई है। दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। दोनों पक्षों को सात दिसंबर को थाने पर बुलाया गया है। यदि दोनों पक्षों में समझौता हो जाता है तो ठीक है। अन्यथा की स्थिति में मामले में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

'