Today Breaking News

ग़ाज़ीपुर के बारा गांव में विवाहिता का फंदे पर लटकता मिला शव, दहेज उत्पीड़न का आरोप

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गहमर कोतवाली क्षेत्र के बारा गांव में बुधवार को एक विवाहिता का शव उसके कमरे में फंदे पर लटकता मिला। महिला के परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न करने और उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। उसकी मां की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कासिमाबाद थाना क्षेत्र के बहादुरगंज निवासी कंचन (23) की शादी वर्ष 2020 में बारा गांव के मठिया निवासी रामजी चौधरी के पुत्र ओमप्रकाश चौधरी के साथ हुई थी। उसकी एक बेटी इस वक़्त दो वर्ष की है। पति ओमप्रकाश दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। बुधवार को घर के सभी सदस्य गंगा पार खेत पर कार्य करने चले गए। ससुराल पक्ष के लोगों के अनुसार कंचन घर में अकेली थी।

कंचन की मां सुभावती देवी ने उसे फोन किया, कई बार फोन करने के बाद भी जब कंचन का फोन रिसीव नहीं हुआ तो उसके ससुराल वालों को फोन किया। खेत से जब ससुराल वाले घर पहुंचे तो कंचन का शव गमछे के सहारे लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को शवगृह भेज दिया। बृहस्पतिवार को गहमर कोतवाली पहुंचे मायके वालों ने आरोप लगाया कि दहेज के लिए ससुराल वालों ने पुत्री को मार डाला।

पुलिस ने कंचन की मां सुभावती की तहरीर पर पति ओमप्रकाश चौधरी, ससुर रामजी चौधरी, देवर छोटक चौधरी व रोहित चौधरी के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतका कंचन की मां की तहरीर पर पति और ससुराल के तीन अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

'