Today Breaking News

पत्नी प्रेमी संग भागी…जीजा ने साली से बदला लिया; नाबालिग से किया रेप...प्रेग्नेंट हुई तो ट्यूमर बताया

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, कौशांबी. कौशांबी में पत्नी के घर छोड़कर जाने का बदला एक जीजा ने अपनी 16 साल की साली से लिया। उसने साली के साथ रेप किया। इसके बाद वो प्रेग्नेंट हो गई। मगर घर में इस बारे में किसी को पता नहीं चल पाया। जब साली को पेट में दर्द हुआ तो आरोपी जीजा ही उसको अस्पताल दिखाने ले गया।
जहां उसको साली के पेट में बच्चा होने की जानकारी मिली। मगर आरोपी ने घर में साली के पेट में ट्यूमर होने की बात बताई और हकीम से इलाज कराने के लिए कहा। 30 नवंबर को युवती के पेट में तेज दर्द हुआ। इसके बाद आरोपी उसे अस्पताल ले गया। जहां उसने एक बेटे को जन्म दिया। इसके बाद ये पूरा मामला घरवालों के सामने आया है।
हालांकि, आरोपी जीजा ने लोक लाज का डर और पैसे का लालच दिखाकर नाबालिग के घरवालों को शांत करा दिया। वो अस्पताल के एक डॉक्टर के साथ मिलकर बच्चे को बेचने का प्लान बना रहा था। 4 लाख में बच्चे का सौदा हुआ था। लेकिन अस्पताल के एक कर्मचारी ने इसकी जानकारी CWC को दे दी।
अब CWC की शिकायत पर आरोपी जीजा, जनता पॉली क्लिनिक के डॉ. सुनील, डॉ आशीष मिश्रा और एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। जीजा पर रेप-पॉक्सो एक्ट और ह्यूमन ट्रैफिकिंग का केस दर्ज हुआ है। बाकी आरोपियों पर ह्यूमन ट्रैफिकिंग का केस दर्ज हुआ है। पुलिस सभी आरोपियों की तलाश कर रही है। पूरी घटना चरवा थाना क्षेत्र की है।
अपने बेटे से मिलने आता था आरोपी जीजा, तभी साली के साथ किया रेप
दरअसल, आरोपी की पत्नी उसको छोड़कर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई थी। जिस समय वह गई थी, उसका एक 3 महीने का बेटा था। जिसको आरोपी अपने ससुराल में छोड़ आया था। आरोपी जीजा अपने बेटे से मिलने अक्सर अपनी पत्नी के घर जाया करता था। वहीं पर एक दिन मौका पाकर उसने अपनी साली के साथ गलत काम किया। इसके बाद वो गर्भवती हो गई। अब उसने एक बेटे को जन्म दिया है।

''मेरी बच्ची उसको देखकर डर जाती थी''
पूरे मामले को जानने के लिए हमने ने पीड़िता की मां से बात की। उन्होंने बताया, ''मेरी 4 बेटी हैं। 2 की शादी हो चुकी है और 2 की करनी है। पहली बेटी किसी के साथ चली गई और आज तक नहीं लौटी। वहीं दूसरी अपनी ससुराल में रह रही है। मेरी सबसे छोटी बेटी थोड़ी मानसिक रूप से कमजोर है। इसी का फायदा मेरे दामाद ने उठाया और उसके साथ इतना गंदा काम किया।
ये मासूम बच्चा और उसकी नानी है। साली अभी अस्पताल में भर्ती है।

वो तो समझ भी नहीं पाई कि उसके साथ क्या हुआ है? हम लोगों को भी इस बात की भनक नहीं लगी। दुबली-पतली बच्ची है मेरी, उसके निकले पेट पर कभी ध्यान ही नहीं गया। मेरा दामाद हमारे घर अक्सर आता था, तो मेरी बच्ची उसको देखकर डर जाती थी। मगर वो हम लोगों को कुछ बता ही नहीं पाई।''

''दामाद बेटी को अकेले ही अस्पताल लेकर गया था''
पीड़िता की मां ने बताया, ''शायद मेरे दामाद ने उसको डरा दिया था। अभी 5-6 महीने पहले की बात है, मेरे बेटी के पेट में बहुत दर्द हो रहा था। उस दिन मेरा दामाद घर आया हुआ था। वो अकेले ही मेरी बेटी को लेकर डॉक्टर को दिखाने ले गया। शायद उस दिन उसको सच पता चल गया था, मगर उसने हमें कुछ नहीं बताया। बल्कि उसने हमसे झूठ बोला कि बेटी को पेट में ट्यूमर है।

वो धीरे-धीरे बड़ा हो रहा है। अभी इसका पेट और निकलेगा। दामाद ने हमसे कहा, इसको किसी डॉक्टर के पास लेकर मत जाना नहीं, तो इसकी जान भी जा सकती है। मैं एक हकीम को जानता हूं, वहां पर इसको दिखा दूंगा। उसके बाद मेरा दामाद 2 दिन बाद आया और बेटी को हकीम को दिखाने की बात कहकर साथ ले गया।''
महिला ने बताया, ''उसके बाद शाम को घर छोड़ गया। साथ में दवा की 2 पुड़िया भी दे गया। कहा कि ये इसको सुबह शाम पानी में मिलाकर खिला देना। कोई भी दिक्कत हो, तो मुझे फोन करना, अस्पताल लेकर मत जाना। हम लोग भी उसकी बातों में आ गए। वो जैसा कहता, वैसा ही करते थे। फिर एक दिन बेटी बोली, अम्मा पेट में कुछ घूम रहा है, तो हम उसको दामाद जो पुड़िया में दवा दे गए थे वो पिला दिए।

जिसके बाद वो सो गई। उसके बाद बेटी के पेट में जब-जब दर्द होता, हम उसको वही पुड़िया पानी में घोलकर पिला देते। दामाद बीच-बीच में उसको हकीम को दिखाने की बात कहकर साथ भी ले जाता था। ऐसा करीब 8 महीने तक चलता रहा, लेकिन हमें कभी कोई शक नहीं हुआ।''

''दामाद के साथ डॉक्टर भी इस काम में शामिल हैं''
पीड़िता की मां ने बताया, ''30 नवंबर को बेटी के पेट में बहुत तेज दर्द उठा। वो चीखते-चीखते जमीन पर गिर पड़ी। हम ये बात अपने दामाद को तुरंत फोन करके बताए। वो कुछ ही देर में घर आ गया। इसके बाद बेटे को संभालने की बात कहकर मेरी बेटी को अकेले ही अस्पताल ले गया। वहां जब बेटी को बच्चा हुआ तब हम लोगों को अस्पताल बुलाया गया।

अस्पताल पहुंचने पर मेरे दामाद ने हमें धमकाया, लोक लाज का डर दिखाया और हमें चुप रहने के लिए कहा। दामाद ने हमसे कहा, तुमको इसके बदले में पैसे भी देंगे। ये बच्चा अगर गांव लेकर जाओगी, तो बहुत बदनामी होगी। इसे अच्छा है पैसा लेकर शांत रहो और अपनी बेटी को लेकर चली जाओ।

मेरे दामाद के साथ 2 डॉक्टर भी थे। अस्पताल का एक कर्मचारी भी उनके साथ शामिल था। वो लोग बच्चे को बेचने वाले थे, लेकिन किसी ने उनकी शिकायत कर दी और वो लोग अस्पताल से भाग गए। मेरे दामाद ने तो मेरी छोटी बेटी की जिंदगी ही बर्बाद कर दी। लेकिन हम लोग फिर भी इस मासूम बच्चे को पालेंगे। इन सबमे इसकी कोई गलती नहीं है। मेरे पति तो बाहर रहकर काम करते हैं। उनको भी घर बुला लिया है।
CWC अध्यक्ष बोले- पीड़िता और मां के बयान दर्ज किए गए
इस मामले में CWC अध्यक्ष कमलेश चन्द्र ने बताया, 'पीड़ित किशोरी और उसकी मां के बयान दर्ज किए हैं। इसमें यह बात निकल सामने आई है कि किशोरी के साथ उसके जीजा ने किया। इसके बाद वो प्रेग्नेंट हो गई और उसने बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद अस्पताल के डॉक्टरों से मिलकर बच्चे को सौदा किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

SP बोले-आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी
एसपी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया, ''मामला संज्ञान में आने के बाद चरवा थाना पुलिस ने केस दर्ज किया। आरोपी अभी फरार हैं। उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।''
'