Today Breaking News

Btech पानी पुरी वाली ने थार में बांधा ठेला, आनंद महिंद्रा ने शेयर किया VIDEO; जानें क्या कहा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, नई दिल्ली. आनंद महिंद्रा ने 'Btech पानी पुरी वाली' के द्वारा पानी पुरी का ठेला महिंद्रा थार की मदद से खींचने का एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया में शेयर किया है। महिंद्रा ने लड़की के प्रयासों के लिए उनकी सराहना की। आपको बता दें कि तापसी उपाध्याय महज 22 साल की है। वह 'बीटेक पानी पूरी वाली' के नाम से मशहूर है। उनका पानी पुरी का स्टॉल पहले तिलक नगर में लगता था। हालांकि अब उन्होंने दावा किया है कि पूरे भारत में उनके 40 से अधिक स्टॉल हैं।
उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उसमें तापसी रॉयल एनफील्ड की सवारी करती हुई नजर आ रही थीं। उनकी बुलेट में उनका पानी पुरी का स्टॉल भी बंधा हुआ था। महिंद्रा द्वारा शेयर किए गए वीडियो में तापसी ने स्कूटी से बाइक और अब अपनी महिंद्रा थार में अपग्रेड होने के सफर के बारे में बताया है।
महिंद्र ने लिखा है, "ऑफ-रोड वाहन क्या करने के लिए बने हैं? लोगों को उन स्थानों पर जाने में मदद करें जहां वे पहले नहीं जा पाए थे। लोगों को असंभव का पता लगाने में मदद करें। विशेष रूप से हम चाहते हैं कि हमारी कारें लोगों को आगे बढ़ने और उनके सपनों को जीने में मदद करें। अब आप जानते हैं मुझे यह वीडियो क्यों पसंद है।''
वीडियो को 5 लाख से अधिक बार देखा गया है। एक्स यूजर ने इस भावना को दोहराया कि लगातार प्रयास और कड़ी मेहनत के माध्यम से महत्वपूर्ण मील के पत्थर हासिल किए जा सकते हैं।

'