Today Breaking News

लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा ग़ाज़ीपुर जिला प्रशासन; DM बोलीं- कोई भी दूर कर सकता है गलतफहमियां

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर जहां सियासी दल अपनी तैयारियों में जुटे हुए हैं। वहीं जिला प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। लोगों को ईवीएम के प्रति जागरूक करने का प्रयास भी जिला प्रशासन द्वारा किया जा रहा है। इसी क्रम में आगामी लोक सभा चुनाव के मद्देनजर मतदाता जागरूकता एवं ईवीएम की पारदर्शिता को लेकर जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर मे ईवीएम प्रदर्शन केन्द्र का फीता काटकर एवं मतदान करते हुए शुभारंभ किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि ईवीएम पारदर्शी व्यवस्था है। लोगों के मन की भ्रांतियों को दूर करने तथा लोगों को यह बताने के लिए कि ईवीएम मशीन क्या है। किस तरह कार्य करती है, ईवीएम प्रदर्शन केन्द्र लगाया गया है। जो जनपद मुख्यालय एवं सभी तहसीलों पर निरन्तर चुनावी घोषणा तक चलता रहेगा। इसमें कोई भी व्यक्ति आकर देख सकता है, छु सकता है, वोट डाल सकता है एवं अपनी गलतफहमियां दूर कर सकता है।
इसके लिए 25 जनवरी से एलईडी वैन भी चलायी जायेगी। जो हर बूथ पर जाकर लोगों को जागरूक करेगी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर चन्द्रशेखर यादव, डिप्टी कलेक्टर सालिक राम, अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
'